खेतों में भी हो रही है लगातार चोरियां
श्रीगंगानगर शहर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी लगातार चोरियां हो रही हैं। विशेष कर खेतों में लगे कृषि उपकरण तथा सौर ऊर्जा सोलर सिस्टम के पार्ट्स चोरों के निशाने पर हैं। पुलिस इन घटनाओं के कई-कई दिन तक मुकदमे ही दर्ज नहीं करती। इसका उदाहरण स्थानीय सदर थाना में घटना के लगभग 20 दिन बाद आज दर्ज किए गए एक मामले से मिलता है।जानकारी के अनुसार चक 3-एमएल निवासी नरेश कुम्हार (27) के चक 4-एम मल के मुरब्बा नंबर 61 में स्थित कृषि भूमि में सरकार की सब्सिडी स्कीम के तहत लगे सोलर पंप सेंट का कंट्रोलर विगत 17 जनवरी की दोपहर 1 से 2 बजे के दौरान चोरी हो गया। नरेश ने अगले दिन 18 जनवरी को सदर थाना में रिपोर्ट दी, जिस पर पुलिस ने 20 जनवरी को शिकायत दर्ज कर ली लेकिन विधिवत रूप से मुकदमा दर्ज नहीं किया। नरेश ने पुलिस अधीक्षक को 10 फरवरी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सदर पुलिस ना तो उसका मुकदमा दर्ज कर रही है और ना ही उसकी कोई सुनवाई करती है। रिपोर्ट देने पर भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। ना चोरों का पता लगाया गया। बार-बार थाने में जाने के बावजूद आश्वासन दिया गया कि उसकी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। जब उसने एफआईआर की नकल मांगी तो उपलब्ध नहीं करवाई गई। उसे थाने से ही बाहर कर दिया जाता है। नरेश के इस प्रार्थना पत्र पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आज सुबह पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच हवलदार महेंद्रपाल के सुपुर्द की है। जिला मुख्यालय के समीप चूनावढ,लालगढ़ जाटान और सादुलशहर थाना क्षेत्र के अनेक किसानों के खेतों में लगे कृषि उपकरण तथा सोलर सिस्टम के पार्टस चोरी होने की बहुत सी घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने इक्का-दुक्का मामले ही दर्ज किए हैं। खास बात यह है कि यह चोर भी पुलिस के हाथ नहीं आ रहे।
