भारतमाला प्रोजेक्ट रोड पर बदमाशों ने किसान से ट्रैक्ट, मोबाइल और नगदी लूटी
– अगवा कर किसान को मिर्जावाला रोड पर छोडकर फरार
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में सदर थाना अंतर्गत भारतमाला प्रोजेक्ट रोड पर रात को कार में सवार तीन बदमाशों ने एक किसान को अगवा कर ट्रैक्टर ,मोबाइल फोन और 10 हजार की नगदी लूट ली। सदर पुलिस के अनुसार चक 3-जैड निवासी किसान मेवासिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच कर रहे एएसआई बिरजूसिंह ने बताया कि मेवासिंह 14 फरवरी की देर शाम को ट्रैक्टर लेकर पंजाब के क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप से डीजल लेने के लिए गया था। वहां से देर रात को डीजल लेकर वह वापस आ रहा था। जब वह भारतमाला प्रोजेक्ट रोड पर चक 9-वाई पुल के समीप पहुंचा तो ट्रैक्टर की हेडलाइट खराब हो गई। वह ट्रैक्टर को साइड में खड़ा कर हेडलाइट ठीक करने लगा। तभी एक गाड़ी में तीन व्यक्ति आये। उन्होंने अचानक मेवासिंह को पकड़ लिया। उसका चेहरा कपड़े से ढक दिया। उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में डाल लिया। उसका मोबाइल फोन तथा उसकी जेब से 10 हजार रुपए निकाल लिए। उक्त बदमाश मेवासिंह को अपनी गाड़ी में मारते-पीटते मिर्जावाला रोड पर ले गए। वहां उसे नगरपरिषद नंदीशाला के समीप छोड़कर भाग गए। बदमाशों का ही कोई साथी उसका ट्रेक्टर लेकर गायब हो गया। जांच अधिकारी ने बताया कि ट्रेक्टर में पीछे डीजल से भरी एक कैनी रखी थी। जानकारी के अनुसार मेवासिंह ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने दो-तीन दिन तक जांच पड़ताल करने के पश्चात कल देर शाम को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चला है। भारतमाला प्रोजेक्ट रोड पर विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
