मनचले युवकों द्वारा कॉलेज छात्रा के अपहरण का प्रयास
– मोबाइल फोन पर मैसेज भेज कर करते थे परेशान
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना इलाके में दो मनचले युवकों द्वारा सरेआम कॉलेज की एक छात्रा का अपहरण का प्रयास करने और उसे मोबाइल फोन पर मैसेज भेज कर परेशान करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के चक 3- जेएम की निवासी 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसी के गांव के दो युवकों कृष्ण तरड और अनिल धारणिया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित युवती ने बताया कि वह 15 फरवरी की दोपहर 3 बजे गांव के अड्डे पर बस से उतरने के बाद अपने घर पैदल जा रही थी। उक्त दोनों आरोपी रास्ते में मोटरसाइकिल पर आए और उसे रोक लिया। दोनों आरोपी उससे छेड़छाड़ करने लगे और जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। उसने शोर मचाया तो राहगीरों ने आरोपियों की चंगुल से छुड़ाया। इसी बीच दोनों आरोपी फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने बताया है कि वह रोजाना अपने गांव से नई मंडी घड़साना कॉलेज में पढ़ने के लिए आती-जाती है। दोनों आरोपी पिछले काफी समय से उसे कॉलेज आने जाने के दौरान रास्ते में छेड़छाड़ करते हैं।उस पर गलत कमेंट करते हैं।यही नहीं उसके मोबाइल फोन पर भी नए-नए नंबरों से मैसेज भेज कर पिछले काफी समय से परेशान कर रहे हैं।कुछ दिन पहले उसने अपने माता-पिता को इन लोगों की हरकतों के बारे में बताया था। उसके माता-पिता ने आरोपियों को समझाया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। विगत 15 फरवरी को बस अड्डा से घर जाते समय दोनों आरोपियों ने उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
