Breaking News

दो बहनें सोने की चैन चुराने के आरोप में गिरफ्तार

दो बहनें सोने की चैन चुराने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ में विवाहित दो बहनों को चुरू जिले की सरदारशहर पुलिस ने एक महिला के गले में पहनी लगभग तीन लाख रुपए मूल्य की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सरदारशहर थाना प्रभारी की मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि संजू(23) पत्नी संजय बावरी और सपना (21)पत्नी सन्नी बावरी को गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। दोनों रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ में विवाहित हैं।दोनों बहनों ने विगत 15 फरवरी को सरदारशहर में टेंपो में जा रही बबीता नामक महिला के गले में पहनी हुई सोने की चेन चोरी कर ली थी। टेंपो में अन्य सवारियां भी थीं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दोनों बहने बड़े शातिर तरीके से सोने की चेन उड़ा ले गईं। बबीता को घर जाने पर अपनी चेन चोरी होने का पता चला। उसने अगले दिन थाने में आकर रिपोर्ट दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई प्रदीप के सुपुर्द की गई। प्रदीप और उनकी टीम में शामिल पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इन चोर बहनों का पता लगाया। सरदारशहर में वारदात करने के बाद  दोनों लूणकरणसर थाना क्षेत्र में अपने पीहर गांव चली गई थीं। पुलिस टीम ने उनको पीहर गांव से दबोचा और गिरफ्तार कर लिया। आज दोनों को अदालत में पेश किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि इन दोनों से इस प्रकार की अन्य चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय विगत 8 फरवरी को श्रीविजयनगर के बस अड्डा पर एक महिला के गले में अढ़ाई तोले सोने की चेन चोरी हो गई थी। चेन चोरी करने वाले का अभी तक पता नहीं चला है। महिला के पति ने घटना के तीन-चार दिन बाद थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *