भरतपुर संभाग पर लुटा दिया प्रदेश का खजाना
– श्रीगंगानगर जिले को दिखाया ठेंगा
– गहलोत सरकार की योजनाओं को तोड़ मरोड़ यह नाम बदलकर बजट में पेश किया
श्रीगंगानगर। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने आज विधानसभा में राज्य सरकार की ओर से पेश किए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के खजाने अधिकांश हिस्सा अपने भरतपुर संभाग पर लुटा दिया है। श्रीगंगानगर जिले सहित प्रदेश के बाकी हिस्सों को इस सरकार ने ठेंगा दिखाया है। भाजपा के पास बताने को कुछ भी नहीं है कि बजट में श्रीगंगानगर जिले को क्या नया दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तब से पूर्ववर्ती कांग्रेस की अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार में लागू की गई योजनाओं को या तो बंद किया जा रहा है या तोड़ मोड़कर अथवा नाम बदलकर नए रूप में पेश किया जा रहा है। योजनाओं के बदले हुए स्वरूप और प्रारूप में यह सरकार जनता को दी जाने वाली सुविधाओं और सेवाओं में चुपके से कटौती कर रही है। बजट में उपभोक्ताओं को 100 यूनिट की जगह 150 यूनिट बिजली मुफ्त देने पर कटाक्ष करते अंकुर मगलानी ने कहा कि सरकार पहले लोगों को निर्बाध विद्युत तो उपलब्ध करवाए।भाजपा सरकार ने अभी तक एक नई यूनिट बिजली का उत्पादन तो किया नहीं है।जब बिजली ही नहीं होगी तो लोगों को 50 यूनिट बिजली मुफ्त बढ़ा देने का कोई फायदा नहीं होगा। किसानों को ट्यूबवेल चलाने के लिए पूरी बिजली नहीं मिल रही। इस क्षेत्र के किसान कई दिनों से सिंचाई पानी पूरी मात्रा में देने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन भी कर रहे हैं् पानी नहीं मिलने से फसलें एक खराब हो रही है। आज पेश बजट में नया कुछ नहीं है। बस कुछ योजनाओं के नाम बदल कर बड़े-बड़े दावे तथा वायदे किए गए हैं, जो यह सरकार कभी पूरा नहीं कर पाएगी।
