भारतीय किसान संघ द्वारा तीनों नहर परियोजनाओं में सिंचाई के लिए पानी देने कीमांग
– केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और प्रदेश के सिंचाई मंत्री के नाम अनूपगढ़ एसडीम को दिया ज्ञापन
श्रीगंगानगर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी)के अलावा भाखड़ा तथा गंग कैनल में गेहूं पकाई के लिए अतिरिक्त सिंचाई पानी देने की मांग करते हुए भारतीय किसान संघ ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री तथा राज्य के सिंचाई मंत्री के नाम का ज्ञापन अनूपगढ़ में आज उपखंड अधिकारी को दिया है। ज्ञापन में बताया है कि आईजीएनपी में सिंचाई पानी बंद कर केवल पेयजल दिया जा रहा है।आगामी 4 मार्च से भाखड़ा में पेयजल दिया जा रहा है तथा गंगा कैनाल में भी पानी नहीं मिल रहा है।संघ नेताओं ने ज्ञापन में कहा है कि पोंग बांध का जल स्तर 1275 फीट ले जाकर किसानों को गेहूं पकाव तक अतिरिक्त सिंचाई का पानी दिया जाए। ज्ञापन में कहा है कि केंद्र सरकार भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंटबोर्ड (बीबीएमबी) की आपात बैठक बुलाकर पोंग डैम का लेवल घटाए तथा सरहिंद फीडर के क्लोजर को निर्धारित 28 फरवरी तक पूरा कराया जाए। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील तथा राज्य के सिंचाई मंत्री सुरेश रावत के नाम दिए ज्ञापन में भारतीय किसान संघ के नेताओं ने कहा है कि 4 से 20 मार्च तक आईजीएनपी में गेहूं पकाव के लिए चार में से दो ग्रुप तथा भाखड़ा में दो में से एक ग्रुप वहीं गंग कैनाल में एक सिंचाई की बारी किसानों को दी जाए। संघ के जिला मंत्री प्रमोद गोदारा ने बताया कि केंद्र तथा राज्य सरकार पर बीबीएमबी की बैठक बुलाकर किसानों को गेहूं पकाव तक पूरा पानी देने पर दबाव बनाया जा रहा है।
