मंदिर के पास कुत्ते नोच रहे थे नवजात बच्चे का भ्रूण
श्रीगंगानगर। स्थानीय पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 5 में छोटा हनुमान मंदिर के समीप रहने वाले लोग बुधवार की देर शाम को एक बहुत ही खौफनाक मंजर देखकर भौंचक्का रह गए।लोगों ने देखा कि निकट ही रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी की ओर से कुत्ते एक नवजात बच्चे के भ्रूण को मुंह में दबाये हुए हैं। वे बच्चों के भ्रूण को नोच नोच कर खा रहे हैं। लोगों ने कुत्तों को भगा दिया और भ्रूण को साइड में सुरक्षित रखवा कर पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर गए हवलदार कमलेश कुमार ने बताया कि आवारा कुत्ते नवजात बच्चे के भ्रूण को लगभग आधा खा गए थे। उसके सिर और पैरों के हिस्से ही बचे थे। मौके की कार्यवाही के बाद भ्रूच को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है। निवर्तमान पार्षद रोहित बागड़ी के द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात महिला के विरुद्ध नवजात बच्चे को करने के लिए लावारिस छोड़ देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी के मुताबिक छोटा हनुमान मंदिर के नजदीक रिद्धि सिद्धि कॉलोनी की ओर से आने वाली रोड पर एक जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरों की फुटेज को चेक किया जा रहा है। अभी तक पता नहीं चला है कि इस नवजात बच्चे के भ्रूण को किसने कब और कहां फेंका? कुत्ते उसे कहां से उठाकर लाए थे यह भी अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
