वैलेंटाइन-डे पर हरियाणा से फरार हुए प्रेमी युगल ने श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर जहर खाया, युवक की मौत
– लड़की के परिवारजन और पुलिस लगी हुई थी पीछे
श्रीगंगानगर। हरियाणा के भिवानी जिले में चरखी दादरी थाना क्षेत्र से विगत 14 फरवरी को वैलेंटाइन-डे के दिन फरार हुए एक प्रेमी युगल ने श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर पकड़े जाने के डर से जहर का सेवन कर लिया। युगल को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। युवक की देर रात को मृत्यु हो गई जबकि लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है। आरपीएफ थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर डूंगरराम द्वारा दी गई रिपोर्ट पर जीआरपी थाना में मर्ग दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर धर्मपाल लेघा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक युवक हिमांशु जाट (18) का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। करीब 16 वर्षीय लड़की अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।लड़की के परिवारजन उसका इलाज करवा रहे हैं। आरपीएफ थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर डूंगरराम ने बताया कि कल गुरुवार दोपहर को हरियाणा पुलिस ने सूचना दी की एक लड़का और एक लड़की हनुमानगढ़ से ट्रेन द्वारा श्रीगंगानगर जा रहे हैं। उनकी लोकेशन श्रीगंगानगर के नजदीक बनवाली गांव के आसपास प्रदर्शित हो रही है।हरियाणा पुलिस ने उनको चरखी दादरी थाना में लड़की के परिवारजनों द्वारा दर्ज करवाए गए मुकदमे की कॉपी और लड़का-लड़की की तस्वीरें भेजीं।थाना प्रभारी के मुताबिक हनुमानगढ़ से 4:30 बजे आई पैसेंजर ट्रेन को चेक किया गया तो उसमें लड़का और लड़की नहीं मिले। इसके 2 घंटे बाद दूसरी पैसेंजर ट्रेन को जब चेक किया जा रहा था, तभी उनको रेलवे स्टेशन के पार्किंग एरिया में एक लड़का और एक लड़की उल्टियां करते हुए दिखाई दिए। पूछने पर उन्होंने बताया कि वे हरियाणा से आए हैं और रुपए खत्म हो जाने के कारण वे भूखे हैं। इस कारण उल्टियां हो रही हैं। थानाधिकारी के अनुसार जब उन्होंने हरियाणा पुलिस द्वारा भेजी हुई तस्वीरों से मिलान किया तो यह वही लड़का और लड़की थे जो 14 फरवरी को वहां से गायब हुए थे। पूछताछ के दौरान युगल ने बताया कि उनका बैग रेलगाड़ी में रखा है जो कि रेलगाड़ी में नहीं मिला। इसी दौरान युगल बेहोश होने लगा तो वह उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहां युगल ने बताया कि उन्होंने किसी जहरीली दवा का सेवन कर लिया है। इसकी सूचना तुरंत हरियाणा पुलिस को दी गई तो पता चला कि चरखी दादरी थाना पुलिस और लड़की के परिवारजन इनका पीछा करते हुए हनुमानगढ़ आए हुए हैं। यह लोग लगभग 1 घंटे बाद श्रीगंगानगर पहुंच गए। रात्रि लगभग 10 बजे हिमांशु की मृत्यु हो गई। उसके परिवारजनों को तत्काल सूचना दी गई तो वे तुरंत श्रीगंगानगर को रवाना हो गए।उसके पिता तथा परिवार के कुछ लोग आज सुबह श्रीगंगानगर पहुंचे।तत्पश्चात पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने बताया कि चरखी दादरी थाना क्षेत्र के गांव भागवी निवासी हिमांशु और 16 वर्षीय लड़की एक ही स्कूल में 12वीं तथा 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। पुलिस ने इनमें प्रेम संबंध होने की संभावना से इनकार नहीं किया। पुलिस के मुताबिक कल शाम बेहोश होने से पहले की गई पूछताछ में हिमांशु और लड़की ने बताया कि वह 14 फरवरी को चरखी दादरी से भाग कर भिवानी, लोहारू और राजस्थान के चुरू जिले के सादुलपुर आदि शहरों में घूमते फिरते रहे। कल वे हनुमानगढ़ आ गए और उनके पास रुपए खत्म भी हो गए थे। इस कारण वह खाना नहीं खा सके। स्थानीय पुलिस के मुताबिक इस युगल ने कल शाम हनुमानगढ़ से श्रीगंगानगर आते समय रास्ते में अपना मोबाइल फोन ऑन किया था, जिससे इनको तलाश कर रही हरियाणा पुलिस को लोकेशन का पता चल गया। इनके ट्रेन द्वारा श्रीगंगानगर जाने को देखते हुए स्थानीय आरपीएफ को सूचना दी गई थी लेकिन इसी दौरान युगल को भी पता चल गया कि उनकी लोकेशन की जानकारी पुलिस तथा परिवारजनों को हो गई है। उन्होंने अपना मोबाइल फोन गांव बनवाली के पास ही कहीं तोड़कर फेंक दिया। अपना सामान भी वहीं कहीं डाल दिया। इसके बाद श्रीगंगानगर पहुंचने पर पकड़े जाने के भय से किसी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि आरपीएफ थाना प्रभारी द्वारा दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के आधार पर सारे मामले की जनता से जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी चेक किया जाएगा कि उक्त युगल ने ट्रेन में ही जहरीली दवा का सेवन किया या स्टेशन पर उतरने के बाद पुलिस को आते हुए देखकर सेवन किया था।
