कांग्रेस ने पर्ची सरकार का किया कड़ा विरोध, सीएम का पुतला फूंका
– अविनाश गहलोत को मंत्री पद से हटाने और कांग्रेस विधायकों का निलंबन रद्द करने की मांग
श्रीगंगानगर। जिला कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस ने आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाकर विधानसभा में राज्य मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी पर की गई असंसदीय टिप्पणी के विरुद्ध गहरा आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जनों ने प्रदेश की पर्ची सरकार का जमकर और कड़ा विरोध किया।जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में इकट्ठा हुए कांग्रेसजन पैदल मार्च करते और विरोध जताते हुए जिला कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान संबोधित करते जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने कहा कि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब भाजपा ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देने वाली पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बारे में कोई अशोभनीय टिप्पणी नहीं की हो। इससे पहले भी भाजपा के कई नेता बार-बार अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं। ऐसे भाजपा नेताओं के खिलाफ उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाती। इससे स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का ऐसी टिप्पणियां करने वालों को समर्थन प्राप्त है।उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि अविनाश गहलोत को राज्य मंत्री परिषद से निष्कासित किया जाए। कल शुक्रवार को विधानसभा में राज्यमंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी का विरोध करने पर विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के नेता टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा कांग्रेस 6 विधायकों को निलंबित करना भी राज्य सरकार की मनमर्जी तथा हठधर्मिता का परिचायक है। उन्होंने विधायकों का निलंबन तुरंत प्रभाव से रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस की आवाज को इस तरह से दबाया नहीं जा सकता। इसका सड़क से लेकर विधानसभा तक हर तरह से विरोध किया जाएगा।प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाया गया। प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजेंद्र भादू और श्रीमती सोना देवी बावरी,संगठन महामंत्री श्यामलाल शेखावटी, जिला उपाध्यक्ष भीमराव डाबी, जिला महासचिव सुरेंद्र पारीक, पूर्व पार्षद कमल बिश्नोई, पूर्व परिषद नमिता सेठी, पंचायत समिति रायसिंहनगर की उप प्रधान एवं कांग्रेस की जिला सचिव संतोष बिश्नोई, महासचिव इंजीनियर लालचंद नायक, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक राजेंद्र सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मपाल झोरड एवं श्याम पुन्यानी, कश्मीरीलाल इंदौरा, राजकुमार महेंद्रा पूर्व पार्षद पंकज बंगाली, जिला परिषद डायरेक्टर एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुखप्रीतसिंह, पार्षद श्रीमती राजविंदर, कोषाध्यक्ष नरेश सेतिया, रवि चुघ, अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष राजेश नागर, पूर्व सचिव सुखराम जोइया, जिला परिषद डायरेक्टर दूलाराम इंदलिया ,हरीश अरोड़ा काकू,प्रेमचंद भाटिया ,हरीश जसूजा और मुकेश मिड्ढा आदि शामिल हुए।
