सूरतगढ़ में वैलेंटाइन-डे के दिन वृद्ध को गिरोह ने हनी ट्रैप किया, महिला समेत अनेक के खिलाफ मामला दर्ज
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ में विगत 14 फरवरी को वैलेंटाइन-डे के दिन 62 वर्षीय एक वृद्ध को एक गिरोह द्वारा हनी ट्रैप किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित वृद्ध की रिपोर्ट पर पुलिस ने एक महिला सहित अनेक लोगों पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक राजियासर थाना क्षेत्र के चक 01-एलजीएम लालगढ़िया निवासी खीयांराम जाट (62)द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच सब इंस्पेक्टर नगेंद्रसिंह के सुपुर्द की गई है।पीड़ित ने बताया है कि वह 14 फरवरी को सूरतगढ़ में एक फव्वारा पाइप की दुकान पर फव्वारा पाइप देखने के लिए आया था। वही उसे एक अपरिचित महिला मिली, जिसने उसे अपना एक भूखंड बिकाऊ होना बताया। अपनी मजबूरी बताते हुए महिला ने भूखंड सस्ते में बेचने की बात कही। खीयांराम के अनुसार वह इस महिला के झांसे में आ गया। उसके बताए हुए स्थान पर जब वह गया तो महिला घर के गेट पर खड़ी थी और उसने मौसा बोलकर चाय पिलाने के बहाने से घर के अंदर बुला लिया। उक्त महिला का घर सूरतगढ़ में मीणा पेट्रोल पंप के पीछे 100-150 मीटर की दूरी पर है।जब वह घर के कमरे में गया तो वहां चार आदमी अचानक आए और महिला के साथ बिठाकर उसकी फोटो खींची तथा वीडियो भी बना लिया। मारपीट कर उसका बटुआ निकाल लिया, जिसमें लगभग 5 हजार रुपए थे। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया।उसका आधार कार्ड ले लिया। तत्पश्चात उक्त आरोपी उससे 7 लाख रुपए की मांग करने लगे। पुलिस को खीयांराम ने बताया कि उक्त आरोपियों की बर्बरता के सामने उसने रुपए देने की हां कर दी। इसके बाद उक्त लोगों में से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर उसे उसके एक परिचित कालूराम की कपड़े की दुकान पर ले गया। वहां से 15 हजार रुपए मिले जो पवन सोनी की दुकान के पीछे ले जाकर उससे ले लिए। पीड़ित खीयांराम ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति बिश्नोईयों जैसी भाषा बोल रहा था। उसे वापस उक्त महिला के घर ले जाया गया। उस महिला के पास उसका मोबाइल फोन था। पुलिस के अनुसार इस बुजुर्ग ने बताया है कि बाद में वह अपने घर पहुंचा तो उसके बेटे ने विगत सोमवार को उसके मोबाइल फोन की सिम को बंद करवा दिया। इसी नंबर की नई सिम हासिल कर जैसे ही मोबाइल फोन में लगाई तो उक्त आरोपियों के फोन कॉल आने लगे।उसे और रुपए देने के लिए धमकियां देने लगे। रुपए नहीं देने पर उसके विरुद्ध छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवा देने की धमकी दी गई। पुलिस के मुताबिक पीड़ित वृद्ध ने अपने पुत्र और भांजे को इस सारे घटनाक्रम के बारे में बताया। तत्पश्चात यह मामला परसों गुरुवार रात को थाने में पहुंचा। पुलिस हनी ट्रैप करने वाले गिरोह का पता लगाने के लिए खीयांराम के मोबाइल नंबर पर जिस नंबर से फोन कॉल आए, फिलहाल उनकी पड़ताल कर रही है। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस इस मामले में जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी करने जा रही है।
