Breaking News

बाइक चोरी करने के बाद नंबर बदलकर बेचने वाला मैकेनिक गिरफ्तार

बाइक चोरी करने के बाद नंबर बदलकर बेचने वाला मैकेनिक गिरफ्तार

चोरी की एक बाइक और चार नंबर प्लेटें मिली

तीन और साथियों की हुई पहचान,धरपकड़ के प्रयास

श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में रावतसर पुलिस ने एक ऐसे मैकेनिक को गिरफ्तार किया है जो अपने साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चुराने के बाद उसके नंबर और पार्ट्स बदल देता था। वह और उसके साथी बाद में उसे मोटरसाइकिल को बेच देते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार रावतसर थाना में हवलदार रविंद्रसिंह की टीम ने कल शाम को रावतसर में बाबा खेतरपाल मंदिर के समीप एक गली में जाते हुए विजेंद्रपाल उर्फ विजेंद्र भाट निवासी चक 15 आरपी लक्खूवाली को पकड़ा। पूछताछ करने पर वह जिस मोटरसाइकिल पर जा रहा था, वह चोरी का निकला। मोटरसाइकिल के बैग में अलग-अलग नंबर की चार प्लेटें मिलीं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ करने पर विजेंद्रपाल ने बताया कि उसकी रावतसर-हनुमानगढ़ टाउन मेगा हाईवे पर गांव नौरंगदेसर में मोटरसाइकिल मैकेनिक की वर्कशॉप है। वह खुद मोटरसाइकिल मैकेनिक है।विजेंद्रपाल ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह और उसके साथी मदनलाल चाहर,अमरजीत बाजीगर और रामस्वरूप भाट आदि आसपास के शहरों से मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। चुराए हुए मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट इंजन तथा चेसिस नंबर ही नहीं बल्कि उसके पार्ट्स भी बदल देते थे।इसके बाद मोटरसाइकिल को बेच देते हैं विजेंद्रपाल ने उससे बरामद हुई नंबर प्लेटों के बारे में बताया कि यह उनके द्वारा चोरी किए गए मोटरसाइकिलों की हैं। विजेंद्रपाल के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विजेंद्रपाल की गिरफ्तारी के बाद उसके द्वारा बताए गए उसके साथी भी अब पुलिस की राडार पर आ गए हैं। इन आरोपियों के भी जल्दी पकड़े जाने की संभावना है पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस गिरोह से मोटरसाइकिल चोरी की अनेक वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। विजेंद्रपाल को पकड़ने वाली पुलिस टीम में हवलदार अमरसिंह, सिपाही लालचंद,मोहनलाल,श्योपतराम,संदीप तथा ड्राइवर कांस्टेबल दिलीप कुमार भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *