अनूपगढ़ में फिर हुई दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात
– 5 किलो चांदी 4 तोले सोना और एक लाख नगद चोरी
श्रीगंगानगर। अनूपगढ़ में एक बार फिर दिनदहाड़े एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात हो गई। चोर वार्ड नंबर 9 के प्रेमनगर में कल मंगलवार दोपहर को एक मकान के ताले तोड़कर लगभग चार तोला सोने के जेवरात 5 किलो चांदी के जेवरात तथा एक लाख रुपए नगद ले गए। पुलिस ने बताया कि घटना प्रतापराम भाट के घर में घटित हुई है, जो कि पशुओं की खरीद-फरोख्त का काम करता है।वह अपने काम के सिलसिले में कल कहीं बाहर गया हुआ था। उसकी पत्नी अपनी बेटी रजनी के साथ घर से दो-तीन गली दूर अपनी दुकान पर दोपहर करीब 11 बजे गई थी। करीब 3 घंटे बाद मां-बेटी वापस घर आए तो ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर थाने से मौके पर गए एएसआई लालचंद शर्मा ने बताया कि प्रतापराम भाट के घर के आसपास कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं है। उसकी बेटी रजनी द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। याद रहे की तीन दिन पहले भी अनूपगढ़ में एक सरकारी सेवारत दंपति के घर में भी चोरी की बड़ी वारदात हो गई थी। लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के सोनेष-चांदी के जेवरात तथा नगद राशि चोर चुरा ले गए थे।
