पत्नी और बिचौला पर ब्लैकमेल और घर से नगदी-गहने चोरी करने का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। रायसिंहनगर थाने में एक युवक समीर अग्रवाल (31) पुत्र पवन निवासी वार्ड नंबर 6 ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए अपनी पत्नी सोनाली और शादी के बिचौले मंगल शाह पर उसकी गैर मौजूदगी में घर से सोने चांदी के जेवरात तथा 50 हजार रुपए चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है।पुलिस को रिपोर्ट देते हुए समीर ने बताया कि वह तथा उसका भाई 14 जनवरी को किसी काम से अनूपगढ़ गए हुए थे। पीछे घर में उसकी मंदबुद्धि बहन अकेली थी। जब वे दोनों भाई शाम को घर आए तो अलमारी खुली हुई थी। उसमें रखें सोने-चांदी के जेवरात तथा 50 हजार रुपए नहीं मिले। पूछने पर बहन ने बताया कि सोनाली और मंगल शाह दोपहर को घर में आए थे और अलमारी में से जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। अलमारी में से सोने के टॉप्स की जोड़ी, नाक का कोका, चांदी की पाजेब एक जोड़ी गायब है। समीर ने बताया कि मंगल साह (37) निवासी चक 23-पीएस उसकी दुकान पर सामान खरीदने आया करता था। इस कारण जान पहचान हो गई। लगभग 5 वर्ष पहले मंगल शाह ने बताया कि वह शादियां करवाने का काम करता है।वह उसका रिश्ता करवा देगा। मंगल शाह ने चक 23-पीएस में अपने निवास पर सोनाली को दिखाया और बताया कि यह उसके रिश्तेदार की लड़की है। इसकी शादी मैंने ही करनी है। समीर के अनुसार दोनों परिवारों में सहमति होने पर 7 जुलाई 2020 को सोनाली से शादी कर ली। वे बतौर पति-पत्नी वह एक साथ रहने लगे। सोनाली का व्यवहार शुरू में तो ठीक रहा लेकिन फिर वह छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में क्लेश करने लगी। मंगल शाह का भी उसके घर में ज्यादा आना जाना होने लगा। दोनों एक राय होकर उसे और उसके परिवार वालों को ब्लैकमेल करने लगे कि अगर रुपए नहीं दिए तो उसके और उसके परिवार वालों के विरुद्ध वह बिहार में यौन शोषण और बलात्कार का मुकदमा दर्ज करवाएंगे। उन सभी को जेल करवा देंगे। समीर अग्रवाल के मुताबिक इस तरह ब्लैकमेल कर दोनों ने उससे कुल मिलाकर डेढ़ लाख रुपए ले लिए। इसी क्लेश के कारण उसकी मां का देहांत हो गया।लगभग 1 वर्ष पहले मंगल शाह उसके घर आया तब उसका पिता और भाई मौजूद थे। मंगल शाह ने कहा कि सोनाली से पीछा छुड़ाना है तो एक लाख रुपए नगद देने होंगे। इसमें सोनाली की भी सहमति थी। उसी दिन एक लाख रुपए उसने दे दिए। वह सोनाली को अपने घर चक 23-पीएस ले गया। इसके बाद वह अपनी किराने की दुकान अच्छी तरह से संभालने लग गया। विगत 14 जनवरी को उसकी गैर मौजूदगी में सोनाली और मंगल घर में आए तथा सोने-चांदी के जेवरात व नगद राशि चोरी कर ले गए। सोनाली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के खगड़िया जिले में अरईया तहसील क्षेत्र की निवासी है।घटना की जांच एएसआई प्रमोद कुमार कर रहे हैं।
