दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान घमूडवाली और नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। नई मंडी घड़साना थाना के प्रभारी सीआई महावीरप्रसाद ने बताया कि पाकिस्तान सीमा के निकट चक 4 एमएलसी(ए) निवासी बलविंदरसिंह रायसिंह (32) में 26-27 फरवरी की रात को घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके भाई गुरजीतसिंह ने सूचना देते हुए बताया कि उसकी दिमागी हालत पिछले कई दिनों से ठीक नहीं थी। इसी प्रकार घमूडवाली थाना क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर निवासी मनीष उर्फ सेठी (24) नामक एक युवक ने भी कल चक 29- एलएनपी के एक खेत में जाकर पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।पुलिस के अनुसार गोपाल राम ने रिपोर्ट देते हुए बताया है कि उसका भतीजा मनीष उर्फ सेठी कल गुरुवार सुबह किसी काम से गांव में ही कहीं जाने का कह कर घर से गया था। उसके बाद उसकी लाश चक 29-एलएनपी के एक खेत में पेड से फंदे पर लटकते हुए मिली। पुलिस ने बताया कि अभी आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। दोनों मृतक युवकों के शव पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। आत्महत्या के कारण की जांच की जा रही है।
