पाकिस्तान से आई तीस करोड़ की हैरोइन के 8 माह पुराने मामले में पंजाब निवासी एक और युवक गिरफ्तार
– अब तक दो गिरफ्तार,तीसरा तस्कर पंजाब की जेल में है बंद
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले से समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पाकिस्तान बॉर्डर से लगते इलाके में 8 महीने पहले पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन से भेजी गई 30 करोड़ रुपए मूल्य की हैरोइन बरामद होने के मामले में पुलिस ने अब एक और पंजाब निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। समेजा कोठी थाना प्रभारी सीआई कृष्णकुमार ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर जिले में महमूद के माल हिठाड निवासी गगनदीपसिंह (22) लालसिंह को उसके गांव में छापा मार कर गिरफ्तार किया गया है। गगनदीपसिंह की गिरफ्तारी पिछले हफ्ते पंजाब की एक जेल से प्रोडक्शन वारंट के आधार पर लाए गए नवदीपसिंह उर्फ लवली उर्फ सुक्खा (21) बिंदौरसिंह निवासी पीर इस्माइल खान थाना सदर जिला फिरोजपुर से पूछताछ करने पर गिरफ्तार किया गया है। नवदीपसिंह से अनेक खुफिया एजेंसियों ने अपने संयुक्त पूछताछ केंद्र (जीआईसी) में कड़ी पूछताछ कर उसके पंजाब तथा पाकिस्तानी तस्करों से संबंध होने के बारे में अनेक जानकारियां जुटाई हैं। इस मामले में एक और आरोपी बलजीतसिंह भी पंजाब पुलिस द्वारा पकड़ा जा चुका है, जो कि फिलहाल अमृतसर जेल में बंद है।थाना प्रभारी सीआई कृष्णकुमार ने बताया कि उसे जल्दी ही पूछताछ के लिए समेजा कोठी थाना में लाया जाएगा। अब गिरफ्तार किये गये गगनदीपसिंह ने आईटीआई कर रखी है। आईटीआई करने के बाद वह मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वाले एक गिरोह के संपर्क में आ गया। पंजाब पुलिस से गगनदीपसिंह के पिछले आपराधिक रिकार्ड की जानकारी मांगी जा रही है। पिछले वर्ष 14-15 जून की रात को समेजा कोठी थाना क्षेत्र में सीमावर्ती चक 44-पीएस के खेत में काम कर रहे किसानों ने जब तीन चार संदिग्ध व्यक्तियों को देखा तो उनको पकड़ने की कोशिश की। संदिग्ध व्यक्ति किसानों पर फायरिंग कर अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। किसानों द्वारा सूचना दिए जाने पर बीएसएफ और पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी भी की गई।इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति अनूपगढ़- रायसिंहनगर भारत माला प्रोजेक्ट मार्ग पर चक 74-75 एनपी के मध्य ओवरब्रिज के पास नाकाबंदी किए हुए पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भाग निकलने में कामयाब हो गए थे। उधर 44-पीएस खेतों में सर्चिंग करने पर 6 किलो हैरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार हैरोइन के पैकेट उसी रात पाकिस्तान तस्करों ने ड्रोन से भारतीय खेतों में ड्रॉप किए थे। हैरोइन के पैकेट लेने के लिए आए संदिग्ध तस्कर किसानों द्वारा देखने और घेरा डालने पर खाली हाथ भाग गए थे। श्रीगंगानगर जिला पुलिस इन तस्करों का पता लगाने में जुटी रही जबकि उधर पंजाब के लुधियाना जिले के निवासी बलजीतसिंह नामक एक व्यक्ति को वहां की पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार किया तो खुलासा हुआ कि वह 14-15 जून 2024 की रात को श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में चक 44-पीएस के खेतों में पाकिस्तानी ड्रोन से ड्रॉप हुई हैरोइन उठा लाने का प्रयास करने वाले तस्करों में शामिल था। बलजीतसिंह ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ समेजा कोठी इलाके के चक 44-पीएस के खेतों में ड्रोन से ड्रॉप हुई हैरोइन के पैकेट उठा लाने का प्रयास करने वाले तस्करों में नवदीप उर्फ लवली उर्फ सुक्खा निवासी पीर इस्माइल खान थाना सदर जिला फिरोजपुर, पंजाब तथा दो तीन अन्य युवक भी शामिल थे। इस पर पंजाब के ही फिरोजपुर जिले के जलालाबाद सदर थाना इलाके में लगभग 3 महीने पहले नवदीप को पुलिस ने पकड़ा तो उसे 511 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पंजाब पुलिस द्वारा इन तस्करों के बारे में सूचना देने पर समेजा कोठी पुलिस नवदीप उर्फ लवली को पिछले हफ्ते प्रोडक्शन वारंट से पूछताछ के लिए लेकर आई। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार नवदीप पर पंजाब में 20 ग्राम हैरोइन सहित पकड़े जाने का एक और मामला भी दर्ज है।उसकी गाड़ी से एक बार 3 लाख की ड्रग मनी भी बरामद हुई थी।
