Breaking News

कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद पोस्त तस्करी करते गिरफ्तार

कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद पोस्त तस्करी करते गिरफ्तार
– 40 किलो पोस्त और दो गाड़ियां जब्त, एक अन्य भी काबू
श्रीगंगानगर।
कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों में पोस्त की तस्करी करने के लिए बहुत ही हैरान कर देने वाली जुगलबंदी का एक सनसनीखेज मामला श्रीगंगानगर जिले में सामने आया । पुलिस ने आज बड़े तड़के राजियासर थाना क्षेत्र में जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस हाईवे पर दो गाड़ियों में सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 40 किलो अवैध पोस्त बरामद हुआ।  तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। इनमें एक भाजपा का तो दूसरा निर्दलीय पार्षद है।दोनों हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा नगर पालिका बोर्ड के सदस्य हैं। पकड़े गए तीनों व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने बताया कि कांस्टेबल आत्माराम की सूचना पर पुलिस की एक टीम ने आज बड़े तड़के जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस हाईवे पर गांव कानौर के पास दो गाड़ियों में जा रहे प्यारेलाल (32)निवासी वार्ड नंबर 21, तोजेंद्रसिंह (43) निवासी वार्ड नंबर 1 और शिवकुमार (28) निवासी वार्ड नंबर 6 पीलीबंगा को गिरफ्तार किया। शिवकुमार जिस गाड़ी को चल रहा था, उसमें 40 किलो अवैध पोस्त बरामद हुआ है। प्यारेलाल और तोजेंदरसिंह आगे चल रही गाड़ी में थे, जो पीछे पोस्त लेकर आ रही गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रहे थे। यह तीनों बीकानेर की ओर से पोस्त लेकर हनुमानगढ़ जिले की तरफ जा रहे थे। प्लास्टिक के दो कट्टों में अवैध पोस्त मिला है। पुलिस तीनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध रूप से पोस्ट कहां से लाया गया था और आगे किसको सप्लाई किया जाना था।प्यारेलाल और तोजेंद्रसिंह पीलीबंगा नगर पालिका में पार्षद हैं। तोजेंद्रसिंह निर्दलीय और प्यारेलाल कांग्रेस से पार्षद चुने गए थे। प्यारेलाल के पोस्त तस्करी करते पकड़े जाने से हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस में हड़कंप मच गया है। उसके विरुद्ध पार्टी हाई कमान द्वारा शीघ्र ही अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने की संभावना है।तोजेंद्रसिंह निर्दलीय चुनाव जीता था,लेकिन बाद में कांग्रेस के सिंबल पर नगर पालिका उपसभापति का चुनाव लड़ा, जिसमें उसकी हार हुई।वह भारतीय जनता पार्टी का कभी सदस्य नहीं रहा लेकिन 16 जून 2024 को कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष सुखचैनसिंह के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का उसने कथित रूप से समर्थन किया था। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों में कांग्रेस के कुछ नाराज पार्षद भी शामिल थे। सुखचैनसिंह के विरुद्ध प्रस्ताव पारित होने पर अभी तक वहां नए पालिका अध्यक्ष का चुनाव सरकार ने नहीं करवाया है। भाजपा ने पार्षद हरजिंदर सिंह को 16 अगस्त 24 को पालिका अध्यक्ष मनोनीत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *