किशोरी से दुष्कर्म करने का आरोपी छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। रावला पुलिस ने श्रीगंगानगर जिला जेल में बंद एक युवक को किशोरी से छेड़खानी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवनीतसिंह ने बताया कि अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवा कर श्रीगंगानगर जेल में बंद कुलदीपसिंह औड (19) निवासी चक 66-आरडी गंगाजली थाना पूगल जिला बीकानेर हाल चक 8-पीएसडी(बी) रावला को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुलदीपसिंह को विगत जनवरी महीने में एक नाबालिक लड़की को बहला- फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के दर्ज हुए मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।कुलदीप ने जिस किशोरी से दुष्कर्म किया, उसी किशोरी से अश्लील हरकतें करने और उसका पीछा करने के आरोप में 29 दिसंबर को पीड़ित किशोरी के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर भी एक मुकदमा दर्ज किया गया था।यह घटना 26 दिसंबर की है। छेड़खानी और पीछा करने का मामला दर्ज होने के कुछ दिन बाद ही कुलदीप सिंह इसी किशोरी को बहला फुसलाकर कहीं ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में गिरफ्तार किए जाने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।अब कुलदीप सिंह को 29 दिसंबर को अश्लील हरकतें करने के दर्ज हुए मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है।
