Breaking News

साले की शादी से एक दिन पहले जीजा ने जहर खाया, मौत

साले की शादी से एक दिन पहले जीजा ने जहर खाया, मौत
– मृतक चार बच्चों का पिता
श्रीगंगानगर।
अपने साल की शादी से एक दिन पहले जीजा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतक युवक चार बच्चों का पिता था उसने आज सुबह श्रीगंगानगर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में दम तोड़ा। पुलिस के अनुसार मृतक युवक बुधसिंह रायसिख (32) जिले के सीमावर्ती गांव खमीसा का निवासी है। वह रावला के नजदीक एक गांव में अपने ससुराल गया हुआ था। उसके साले की आज सोमवार को शादी है। बुधसिंह ने परसों शनिवार रात को किसी समय शराब के नशे में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पता चलने पर उसे परिवार वाले रावला के सरकारी अस्पताल में ले गए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बीकानेर के लिए रेफर कर दिया लेकिन परिवार वाले उसे कल शाम रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल में ले आए। यहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो आज सुबह उसे श्रीगंगानगर लाया गया। जिला अस्पताल के नजदीक एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाने के कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर रावला थाना पुलिस दोपहर को श्रीगंगानगर पहुंची। रावला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवनीतसिंह ने बताया कि मृतक के एक परिजन द्वारा रिपोर्ट दिए जाने पर मर्ग दर्ज की जा रही है। जिला अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम होने के बाद बुधसिंह की लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार बुधसिंह की शादी 10-11 वर्ष पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं।उसके हिस्से में थोड़ी सी कृषि भूमि है जबकि वह किसी अन्य जमींदार की कृषि भूमि ठेके पर लेकर काश्त करता था। वह शराब पीने का आदी था। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बुधसिंह ने कुछ अर्सा पहले भी शराब के नशे में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तब उसे रायसिंहनगर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया और वह ठीक हो गया था। उसके द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने के कारण का पता नहीं चला। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *