सीधी पटवारी भर्ती परीक्षा में आरक्षित पदों में कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया गया
श्रीगंगानगर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की पटवारी सीधी भर्ती नोटिफिकेशन में आरक्षित पदों के बंटवारे में एससी, एसटी और ओबीसी के पदों में कटौती कर आरक्षित वर्ग के संवैधानिक हकों को समाप्त करने के खिलाफ आज डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में किसान नेता मनिंदरसिंह मान और कांग्रेस नेत्री वीणा इंदौरा सहित बड़ी संख्या में उक्त वर्गों के लोगों ने भाग लिया।समिति के जिला उपाध्यक्ष शंकर मेघवाल ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 20 फरवरी को जारी पटवारी सीधी भर्ती विज्ञापन में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग को पटवारी के पद इन वर्गों के लिए तय आरक्षण प्रतिशत से कम आवंटित किए गए हैं। इससे इन वर्गों में भारी निराशा है। भर्ती हेतु पदों की गणना आरक्षण रोस्टर पंजिका से ही सही रूप में की जा सकती है।इस में पारदर्शिता के लिए मुख्य सचिव एवं कार्मिक विभाग द्वारा सभी विभागों को सभी पदों की संधारित आरक्षण रोस्टर पंजिका का विभाग की वेबसाइट पर दर्शाने हेतु स्पष्ट आदेश जारी किए हुए हैं। परंतु देखने में आया है कि अधिकतर विभागों द्वारा संधारित आरक्षण रोस्टर पंजिकाओं को वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती में भी राजस्व मंडल अजमेर द्वारा अध्यतन की हुई आरक्षण रोस्टर पंजिका को विभाग की वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं किया गया है। राजस्व मंडल अजमेर की वेबसाइट पर वर्ष 2020 तक की ही आरक्षण रोस्टर पंजिका को प्रदर्शित है, जबकि वर्ष 2021 में 5 हजार से अधिक पटवारी पदों पर भर्ती हुई थी।उनको इन आरक्षण रोस्टर पंजिका में अभी तक प्रदर्शित नहीं किया गया है। साथ ही वेबसाइट पर प्रदर्शित आरक्षण रोस्टर पंजीका पूरे राजस्थान के हिसाब से बनाई गई है, जबकि भर्तियां जिलेवार की जा रही हैं।पटवारी पद के भर्ती नियम भी राजस्व मंडल अजमेर द्वारा भी अपनी वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। सोसाइटी ने आज विरोध प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन दिया, जिसमें मांग की गई है कि पटवारी सीधी भर्ती में आरक्षित वर्गों को आवंटित पदों की पुनर्गणना कर नियम अनुसार आरक्षण रोस्टर पंजिका को संधारित करते हुए वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाए।
