खुली जेल से फरार हुआ हत्या का अभियुक्त कुछ ही देर में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर गांव कोहलां के नजदीक गौशाला एवं नंदीशाला में संचालित खुली जेल से हत्या का एक सजायाफ्ता बंदी फरार हो गया, जिसे कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया गया। खुली जेल के एक प्रहरी सतपालसिंह जटसिख निवासी वार्ड नंबर 8 कुतुब वास डबली राठान द्वारा दी गई रिपोर्ट पर सजायाफ्ता बंदी पम्मासिंह उर्फ परमजीत सिंह मजहबी सिख (40)पुत्र अजयसिंह निवासी भगतपुर थाना संगरिया जिला हनुमानगढ़ के खुली जेल से गायब हो जाने के दर्ज करवाए गए मुकदमे की जांच कर रहे एएसआई भागीरथ ने बताया कि पम्मा को कल देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। वह जेल से दो-तीन मार्च की रात को गायब हो गया था और अपने गांव चला गया था।उसके अपने गांव जाने की संभावना को देखते हुए संगरिया थाना पुलिस को पहले ही सूचना दे दी गई थी। वह जैसे ही अपने गांव और घर पहुंचा, वहां पुलिस ने काबू कर लिया। उसे कल देर रात हनुमानगढ़ टाउन थाना में लाया गया, जहां गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में परमजीतसिंह ने बताया कि उसे पता चला था कि उसकी मां अत्यंत बीमार है और वह उससे मिलना चाहती है।इसलिए वह जेल में बिना बताए अपने घर चला गया था। जांच अधिकारी ने बताया कि परमजीतसिंह को कत्ल के एक मामले में 25 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। उसने 18 वर्ष की सजा नियमित जेल में काटी है। अच्छे आचरण के कारण उसे बकाया सजा काटने के लिए खुली जेल में भेजा गया था।
