दुष्कर्म पीड़िता का केस लड़ रहे एडवोकेट पर जानलेवा हमला, दुष्कर्म आरोपी व उसके साथियों पर केस दर्ज
श्रीगंगानगर। सीमावर्ती श्रीकरणपुर शहर में एक दुष्कर्म पीड़ित युवती का केस लड़ रहे एडवोकेट पर दुष्कर्म मामले के एक आरोपी द्वारा अपने साथियों से मिलकर तलवार एवं पिस्टल से जानलेवा हमले किए जाने की घटना सामने आई है।एडवोकेट विशाल भारती वर्मा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने साहिल अरोडा उर्फ़ भिंडी और उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। घटना श्रीकरणपुर की धान मंडी में रविवार रात लगभग 10.38 बजे की है। साहिल अरोडा और उसके तीन-चार साथी एक कार में सवार होकर धान मंडी के पिड नंबर-2 में स्थित संदीप सेठी की दुकान पर पहुंचे।उस समय एडवोकेट विशाल भारती वर्मा के साथ दुकान में संदीप सेठी, जगदीश इदलिया, मोहित कौशल, अचलाराम और अजय ग्रोवर आदि मौजूद थे। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए विशाल भारती वर्मा ने बताया कि रात्रि 10:30 बजे साहिल अरोडा उर्फ़ भिंडी तथा दो अन्य व्यक्ति तलवार और रिवॉल्वर लेकर उसे जान से मारने की नीयत से दुकान में घुस आए।साहिल ने उस पर तलवार से वार किया, लेकिन वह नीचे झुक गया, जिससे तलवार का वार खाली गया। फिर उसने अपने एक साथी से पिस्तौल लेकर फायर करना चाहा तो संदीप सेठी और जगदीश इंदलिया ने उनको पकड़ लिया। अजय ग्रोवर ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उसे पर तलवार के हैंडल से साहिल अरोडा ने वार किया जो उसकी बाई आंख के नीचे लगा। इसी बीच उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया तो उक्त आरोपी मौके पर से भाग गए। विशाल भारती वर्मा एक दुष्कर्म पीड़ित युवती का केस लड़ रहा है,जिसमें साहिल अरोडा भी मुलजिम है। इस मामले में साहिल की गिरफ्तारी हुई थी और कुछ समय उसे जेल में भी रहने पड़ा। साहिल अरोडा पर और भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को दी रिपोर्ट में विशाल भारती वर्मा ने बताया है कि परसों रात दुकान में आते ही साहिल अरोडा उर्फ़ भिंडी ने कहा कि उसी ने उसको दुष्कर्म के मामले में फसाया है और थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट खुलवाई है। इस कारण उसका काफी नुकसान हो गया है और वह उसे छोड़ेगा नहीं। उसकी वकालत खत्म कर दूंगा। घटनास्थल के नजदीक लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात्रि 10:30 बजे उक्त दुकान पर एक कार आते हुए और उसमें से दो-तीन युवकों के उतरकर दुकान में जाने और फिर दुकान में मौजूद व्यक्तियों के साथ बाहर आकर झगड़ा करने के सारे दृश्य कैद हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण कर रही है।घटना की जांच एएसआई करणसिंह द्वारा की जा रही है। जानकारी के अनुसार अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आए हैं।इस घटना को लेकर श्रीकरणपुर के अधिवक्ताओं में ही नहीं अन्य लोगों में भी काफी आक्रोश है। पीड़ित एडवोकेट विशाल भारती वर्मा श्रीकरणपुर से पूर्व पार्षद शाम वर्मा के सुपुत्र हैं।
