Breaking News

दो युवक खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला के पहने सोने के गहने लूट कर फरार

दो युवक खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला के पहने सोने के गहने लूट कर फरार
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले के दूरवर्ती भिरानी थाना क्षेत्र में कल शाम खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला को मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवाओं द्वारा लूट लिए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक गांव झिलौदा निवासी कमला जाट (65)कल शाम लगभग 5 बजे अपने खेत में काम कर रही थी। कमला ने पुलिस को बताया कि तभी मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और पूछने लगे कि यहां पर विनोद का खेत कौन सा है।उसने युवकों को बताया कि यहां पर विनोद नाम के किसी व्यक्ति का कोई खेत नहीं है। तभी उक्त युवकों ने उसके गले में पहना सोने का ताबीज और कानों में पहनी सोने की बालियां को जबरदस्ती छीन लिया। दोनों युवक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही बदमाशों को पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी करवाई गई लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बाद में कमल ने अपने पति जगदीश के साथ थाने में आकर रिपोर्ट दी, जिस पर देर रात को मुकदमा दर्ज कर जांच हवलदार इंद्राज के सुपुर्द कर दी गई। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश युवकों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *