रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग को मोटरसाइकिल पर बिठाया और रुपए लेकर फरार
श्रीगंगानगर। जिले के दूरवर्ती रावला शहर में मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को रास्ता पूछने के बहाने अपने साथ बिठाया और उसके रुपए लेकर गायब हो गए। अज्ञात युवक बुजुर्ग व्यक्ति को रावला में थाने के पास ही छोड़ कर चले गए। बुजुर्ग ने अपनी जेब संभाली तो उसमें रखे रुपए नहीं मिले। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अज्ञात युवकों की तलाश कर रही है। शिकार बने बुजुर्ग गुरबख्शसिंह निवासी चक 9-केडी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरबख्शसिंह ने तीन-चार दिन पहले बैंक से रुपए निकलवाए थे।उसने कल रावला में मैकेनिक को ट्रैक्टर ठीक करवाने के रुपए देने थे। वह रुपए लेकर कल सोमवार को रावला आया। तभी उसे मोटरसाइकिल पर दो युवक मिले, जिन्होंने उससे घडसाना और खाजूवाला जाने के रास्तों के बारे में पूछा। फिर उन्होंने बुजुर्ग को ट्रैक्टर मैकेनिक की दुकान पर छोड़ देने का कहकर अपने साथ बिठा लिया। उसे रावला में पुलिस थाना के पास युवक छोड़कर चले गए।गुरबख्शसिंह ने युवकों के जाने के बाद अपनी जब देखी तो वह फटी हुई थी और उसमें रखे 45 हजार रुपए नहीं मिले। पुलिस ने बताया कि जल्दी ही दोनों युवकों का पता लगा लिया जाएगा।
