एटीएम कार्ड बदलकर महिला के अकाउंट से 80 हजार चुराए, तीन महीने बाद पुलिस ने केस दर्ज किया
– दुर्गा मंदिर के समीप बैंक ऑफ बड़ौदा की एटीएम पर डेढ़ महीने में दूसरी घटना
श्रीगंगानगर। स्थानीय विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर के समीप बैंक ऑफ़ बड़ौदा की एटीएम से रुपए निकलवाने गई एक महिला का एटीएम कार्ड दो शातिर युवकों ने बड़ी होशियारी से बदल दिया। बाद में उसके अकाउंट से 80 हजार रुपए निकालिए। महिला और उसका पति 3 महीने तक कोतवाली और पुलिस अधीक्षक ऑफिस के चक्कर काटते रहे।अब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दोनों शातिर युवकों की सीसीटीवी फुटेज भी मिले हुए एक महीने से अधिक का समय हो गया है, लेकिन पुलिस इन युवाओं को ढूंढ नहीं पाई। इस एटीएम पर डेढ़ महीने में यह दूसरी घटना सामने आई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सेतिया कॉलोनी की गली नंबर 12 में निवासी गिरीश कुमार की पत्नी विगत 13 दिसंबर को दुर्गा मंदिर के नजदीक बैंक ऑफ़ बडौदा की एटीएम पर रुपए निकलवाने के लिए गई थी। उसके द्वारा एटीएम कार्ड मशीन में स्वाइप करने पर मशीन चली नहीं और रुपए नहीं निकले। तब वहां दो युवक भी खड़े थे। उन्होंने मदद करने के नाम पर उससे एटीएम कार्ड लिया और फिर मशीन सही नहीं होने का कहकर कार्ड वापस कर दिया, लेकिन इसी बीच उन्होंने कार्ड बदल दिया था। उक्त युवकों ने महिला का पिन नंबर भी बड़ी होशियारी से जान लिया। इसके बाद सुखाडिया सर्किल और सूरतगढ़ आर्मी कैंट में लगी एटीएम मशीनों से 80 हजार रुपए उक्त महिला के अकाउंट से निकल गए।इसकी सूचना तत्काल ही पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक ऑफिस के अधिकारी मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी करते रहे। इसी बीच इसी एटीएम पर 6 फरवरी को भी एक घटना हो गई। हरमिलापी कॉलोनी की एक महिला श्रीमती जितेंद्रकौर पत्नी राजविंदरसिंह इसी एटीएम पर रुपए निकलवाने आई थी। उसका भी एटीएम वहां खड़े किसी युवक ने बड़ी होशियारी से बदल दिया और बाद में उसके अकाउंट से 60 हजार रुपए निकल गए। जितेंद्रकौर द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने तीन दिन बाद 9 फरवरी को ही मुकदमा दर्ज कर जांच हवलदार दर्शनसिंह के सुपुर्द कर दी थी, लेकिन गिरीश का मुकदमा दर्ज करने में लगभग 3 महीने लगा दिए। यह मामला कल दर्ज किया गया है, जिसकी जांच हवलदार मुकेशचंद को दी गई है।गिरीश कुमार ने बताया कि उन्होंने सुखाडिया सर्किल और सूरतगढ़ आर्मी कैंट की एटीएम मशीनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवा दी थी। फुटेज दिए हुए भी काफी समय हो गया है, लेकिन अभी तक रुपए चोरी करने वालों का पता नहीं चला है।
