पल्लू-अर्जुनसर मार्ग पर डंफर-ट्रक भिड़ंत में एक की मौत
– मोटरसाइकिल के आवारा पशु से टकराने के कारण भी एक युवक मारा गया
– बैलगाड़ी से गिरकर घायल हुए युवक ने दम तोड़ा
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में पल्लू-अर्जुनसर मार्ग पर डंफर और ट्रक में टक्कर हो जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि गोगामेडी थाना क्षेत्र में आवारा पशु से मोटरसाइकिल के टकरा जाने के कारण भी एक युवक मारा गया।पल्लू थाना पुलिस के अनुसार अर्जुनसर मार्ग पर दूधली-पल्लू के बीच पेट्रोल पंप के पास परसों मंगलवार शाम को आगे जा रहे डंफर में एक पंजाब नंबर के ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक इस भीषण हादसे में डंफर के परिचालक शंकरलाल निवासी शेखचूलिया की मृत्यु हो गई। डंफर का चालक पवन बाल बाल बच गया। इस संबंध में काम शेखचूलिया निवासी रामप्रताप जाट (30) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पंजाब नंबर के ट्रक के चालक पर लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में गांव नेठराना के पास कल एक मोटरसाइकिल अचानक सामने आए आवारा पशु से टकरा गया। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चला रहा रमेश मेघवाल (36) पुत्र इंद्राज निवासी बरासरी थाना जमाल जिला सिरसा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे परिवार वाले इलाज के लिए हिसार के नजदीक अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ले गए, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। उसके चचेरे भाई रमेश पुत्र रामस्वरूप द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। उधर, पीलीबंगा थाना क्षेत्र में एक महीना पहले बैलगाड़ी से गिरने से घायल हुए एक युवक की भी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार गांव प्रेमपुरा निवासी लालचंद नायक (66) ने रिपोर्ट देते हुए बताया कि चक 35 एसटीजी निवासी काशीराम नायक विगत 11 फरवरी को बैलगाड़ी से खेत जाते समय गिर जाने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। काशीराम की परसों मंगलवार रात को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक व्यक्तियों के शव पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द करदिए गए।
