चप्पल ने चोरों को पकड़वा दिया
श्रीगंगानगर। हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव खाट लबाना में शनिवार-रविवार की रात को किरयाना की एक दुकान में चोरी के दौरान चोरों की एक चप्पल मौके पर तेल में सन जाने के कारण छूट गई। इसी चप्पल ने चोरों को पकड़वा दिया।पुलिस ने बताया कि खाट लबाना में राजेश अरोड़ा की दुकान में चोरी करने के आरोप में जांच अधिकारी एएसआई प्यारेलाल ने इसी गांव के दो युवकों मंगतराम तथा अजय को गिरफ्तार किया है। राजेश अरोड़ा शनिवार रात को दुकान बंद करके गया था।रविवार सुबह उसे दुकान में चोरी हो जाने का पता चला।रात्रि को दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर 2000 रुपए की रोजगारी तथा 6-7 हजार का किराने का सामान चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार चोरी करते समय चोरों की चप्पल तेल में सन के कारण वही छूट गई थी। इसी चप्पल की निशानदेही के आधार पर उक्त दोनों युवकों को घटना के कुछ ही देर बाद काबू कर लिया गया। बताया जा रहा है की चोरी में एक और युवक भी शामिल था, जिसकी पहचान की जा रही है।
