जिम ट्रेनर समेत पांच जने नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करते गिरफ्तार
– 11 किलो पोस्त और 40 ग्राम हैरोइन बरामद
श्रीगंगानगर। श्री गंगानगर जिले में पुलिस ने विगत 24 घंटे के दौरान पांच व्यक्तियों को नशीले पदार्थों की तस्करी तथा बिक्री करते गिरफ्तार किया है। इनसे कुल मिलाकर 11 किलो 98 ग्राम पोस्त और 40 ग्राम बरामद हुई है। नई मंडी घड़साना में थाना प्रभारी सीआई महावीर प्रसाद ने कल देर रात को गुरप्रीतसिंह उर्फ गोपी (32) निवासी ज्वाला कॉलोनी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 2.06 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।नई मंडी घड़साना थाना इलाके में ही दूसरी कार्यवाही में सब इंस्पेक्टर भोलाराम ने विनोद (25) निवासी चक 3- डीडी को 8 किलो 418 ग्राम पोस्त समेत गिरफ्तार किया। घमूडवाली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पृथ्वीराज ने कल रात नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे सुभाष (31) निवासी चक 9-डीबीएन थाना सूरतगढ़ सदर और मोहनलाल (24) निवासी रिडमलसर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6 किलो 680 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुरानी आबादी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक ने कोढियावाली पुली के पास एक कार में सवार सुखविंदरसिंह निवासी पुरानी आबादी को 20 ग्राम हैरोइन(चिट्टा) समेत गिरफ्तार किया। सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक ने बताया कि सुखविंदरसिंह जिम ट्रेनर और बाउंसर है। वह छजगिरिया मोहल्ला से हैरोइन लाकर पुरानी आबादी में नशा करने वालों को बेचता था।
