Breaking News

जिस नाबालिग धर्म बहन से राखी बंधवाता था, उसी को गर्भवती किया-युवक पर मुकदमा दर्ज

जिस नाबालिग धर्म बहन से राखी बंधवाता था, उसी को गर्भवती किया-युवक पर मुकदमा दर्ज
– आरोपी पीड़िता की मां को मौसी कहकर बुलाता था
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में 17 वर्षीय एक नाबालिगा का यौन शोषण करने और उसे गर्भवती करने का एक मामला सामने आया है। जिस युवक पर यौन शोषण कर लड़की को गर्भवती करने का आरोप लगाया गया है, उसने लड़की को धर्म बहन बना रखा था।वह उससे राखी बंधवाता था। उसकी मां को मौसी मानता था। पीड़िता की मां द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामला अनुसूचित जाति के  पीड़िता का है।पीड़ित युवती का मेडिकल चेकअप करवाया गया है। उसके मजिस्ट्रेट से बयान भी दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने मुकदमे में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय सूरतगढ़ रोड पर सरकारी मेडिकल कॉलेज के समीप एक कॉलोनी में रहने वाली करीब 37 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दी है,जिस पर पुलिस ने सोनू  निवासी श्रीकरनपुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने बताया है कि उसका पति से कई वर्ष पहले तलाक हो गया था। वह एक सरकारी संस्थान में सफाई का काम करती है और अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ सरकारी मेडिकल कॉलेज के नजदीक एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। इसी मकान में सोनू ने किराए पर कमरा ले रखा है। लगभग एक वर्ष पहले सोनू का उसके घर में आना-जाना होने लगा। सोनू ने उसकी नाबालिग पुत्री को धर्म बहन बना लिया। रक्षाबंधन पर उसने राखी भी बंधवाई थी। सोनू उसे मौसी कहकर बुलाता था लेकिन सोनू के मन में बेईमानी थी। वह उसकी पुत्री को बहलाने- फुसलाने लगा। उससे दुष्कर्म करने लगा। उसकी बेटी को सोनू ने डरा धमका कर रखा कि उनके बीच जो कुछ चल रहा है उसका पता उसकी मां को नहीं लगना चाहिए। अगर बताने की कोशिश की तो वह उसकी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर देगा। उसे और उसकी मां को जान से खत्म कर देगा। इन धमकियों के कारण उसकी बेटी डरी- सहमी रही। पिछले हफ्ते जब बेटी की तबीयत खराब हुई तो उसका अल्ट्रासाउंड करवाया। तब पता चला कि वह 2 महीने से गर्भवती है। हौंसला और तसल्ली देकर पूछा तो उसने बताया कि सोनू ने उसका अश्लील वीडियो बना रखा है।उसके पास अश्लील फोटो भी हैं, जिसे वायरल करने की धमकी देकर गलत काम करता रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच डीएसपी स्तर के एक अधिकारी द्वारा की जा रही है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि विगत दिवस पीड़िता का मेडिकल चेकअप करवाने के साथ ही मजिस्ट्रेट से भी बयान कलमबद्ध करवा दिए गए हैं। आरोपी युवक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल तथा लोकेशन को चेक किया जा रहा है। इस मामले में कुछ नया खुलासा होने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *