देवनगर में शराब की अवैध बिक्री को लेकर दो पक्षों में टकराव, मौके पर गई पुलिस पर भी हुआ पथराव
– तीन पुलिस कर्मियों सहित आधा दर्जन घायल
– पथराव करने वालों के विरुद्ध दो, मामले दर्ज एक दर्जन काबू
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना इलाके में रेल लाइन के उसे पर देवनगर में अवैध शराब की बिक्री को लेकर कल रात को दो पक्षों में टकराव हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर गई पुलिस पर भी एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे दो हवलदार व एक सिपाही सहित आधा दर्जन व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस की दो गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। शराब ठेके में भी जमकर तोड़फोड़ हुई है।पुलिस ने पथराव तथा तोड़फोड़ करने वाला के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज किए हैं जबकि एक दर्जन व्यक्तियों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें कुख्यात अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर अमृतलाल उर्फ बड़ेलाल भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवनगर में कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद प्रेम नायक के पुत्र राजकुमार का शराब ठेका है। इसी ठेके पर कल रात को उक्त सारा घटनाक्रम हुआ। पुरानी आबादी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक ने बताया कि इसी ठेके के नजदीक हिस्ट्रीशीटर अमृतलाल उर्फ बडेलाल तथा उसके साथी गंगासिंह व उसके बेटे रविंद्र आदि द्वारा अवैध रूप से शराब बेची जाती है। अवैध शराब की बिक्री को लेकर इन असामाजिक तत्वों की शराब ठेके का संचालन करने वालों के बीच खींचतान है। आरोप है कि अवैध शराब बेचने वालों ने कल रात 8 बजे निर्धारित समय से 10 मिनट पहले ही जोर जबरदस्ती से शराब ठेके को बंद कर दिया। उन्होंने शटर गिरकर ताला लगा दिया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा। पुलिस के मुताबिक अवैध शराब बेचने वालों ने शराब ठेका बंद करने से पहले उसमें जमकर तोड़फोड़ भी की। शराब ठेके का काफी नुकसान कर दिया। इसके बाद शराब ठेका खोलने और नहीं खोलना को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक खींचतान तथा बहसबाजी होती रही। रात करीब 9 बजे इन में झगड़ा हो गया। सूचना मिलने पर हवलदार गुरमेलसिंह, राजवीर सिंह अपने साथ सिपाही कुलदीप आदि को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस की क्यूआरटी गाड़ी 112 में भी थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा।थाना प्रभारी के अनुसार जैसे ही पुलिसकर्मी दो गाड़ियों से वहां पहुंचे तो अवैध शराब की बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों ने उन पर पथराव कर दिया।उनके परिवार की महिलाओं तथा बच्चों ने अपने घरों की छतों से पुलिस की गाड़ियों पर पत्थर फेक। अन्य लोगों ने भी मारपीट की, जिससे दोनों हवलदार, सिपाही कुलदीप थाने की गाड़ी का ड्राइवर कांस्टेबल और 112 गाड़ी का प्राइवेट चालक रामजीवन आदि घायल हो गए। जानकारी के अनुसार इस सड़क में देवनगर निवासी खुशी और लक्ष्मी नामक दो युवतियां भी घायल हो गईं। हालात को काबू में लाने और मामला शांत करने के लिए शहर के अन्य स्थानों से पुलिस जाब्ता देवनगर भेजा गया। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जवान भेजे गए। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार घायल हुए पुलिस कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दूसरी तरफ जिला अस्पताल में घायल अवस्था में लाई गई युवती खुशी पुत्री दीपक यादव को भर्ती कर लिया गया जबकि लक्ष्मी नामक महिला के ज्यादा चोट आने के कारण उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक ने बताया कि हवलदार राजवीर की रिपोर्ट पर देवनगर के अनेक व्यक्तियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ ठेकेदार राजकुमार की रिपोर्ट पर भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में कई महिलाओं को भी नामजद किया गया है। इस बीच पुलिस ने कल रात को देवनगर में छापेमारी कर एक दर्जन व्यक्तियों- हिस्ट्रीशीटर अमृतलाल उर्फ बडेलाल,रविंद्र यादव, उसके पिता गंगासिंह यादव, सतीश उर्फ सतिया नायक, लाखन यादव, सूरज मलाह, आशुतोष पासवान,राहुल पासवान, अजय गुप्ता, दीपक यादव, रामू भाट तथा हरविंदरसिंह यादव को शांति व्यवस्था भंग करने की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनको आज मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दर्ज दोनों मुकदमों में नामजद आरोपियों की अभी जांच पड़ताल चल रही है। उधर, कांग्रेस नेता प्रेम नायक ने बताया कि अमृतलाल और उसके साथी काफी समय से देवनगर में अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। इन्होंने पूर्व में आबकारी निरोधक पुलिस के साथ भी मारपीट कर डाली थी। आबकारी निरोधक पुलिस ने उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं करवाया था।
