मोटरसाइकिल पेड़ से टकराया, युवक की मौत
श्रीगंगानगर। जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल के पेड़ से टकराने से एक युवक की मृत्यु हो गई। हादसे में बुरी तरह से घायल हुए युवक मुकेश मेघवाल (25)निवासी चक 01-डीजेएम को श्रीगंगानगर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान वह दम तोड़ गया। पुलिस के मुताबिक मृतक मुकेश पेंटिंग का काम करता था। वह परसों शनिवार रात को जैतसर में अपना काम करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में चक 02-डीजेएम के नजदीक मोटरसाइकिल बेकाबू हो गया और झाड़ियां से होते हुए कीकर के एक पेड़ में जा लगा। वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे लोगों ने स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिवारजन उसे श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में ले गए,जहां कल रविवार को मृत्यु हो गई।उसके पिता मदनलाल द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी।
