ससुराल वालों पर चाय में जहर मिलाकर पिलने का आरोप
– पत्नी, साले और सास पर केस दर्ज
श्रीगंगानगर। एक युवक ने ससुराल वालों पर चाय में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। उसके द्वारा दिए बयान के आधार पर उसकी पत्नी, सास और साले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र के रोजड़ी गांव की है। पुलिस के मुताबिक चक 6-पी पतरोडा निवासी रोशनलाल कुम्हार (25) द्वारा दिए गए बयान के आधार पर उसकी पत्नी कमलेश कुमारी, साले अजयपाल और सास रानीदेवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। रोशनलाल ने बताया कि 7 मार्च को उसके साले का फोन आया और उसने अपनी बहन को ससुराल छोड़ने के लिए कहा। जब उसने कहा कि उसे छोड़ने जाने के लिए वक्त नहीं है तो साले ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह पत्नी कमलेश को पीहर रोजड़ी छोड़ने चला गया। उसे पीहर घर छोड़कर वह मामा ससुर के घर चला गया। वहां करीब 15-20 मिनट रुक कर वापस ससुराल आया तो उसकी पत्नी, साले और सास ने उसे पीने के लिए चाय दी। साथ में खाने को कुछ नमकीन भी दिया। चाय पीते और नमकीन खाते ही उसके पेट में दर्द होने लगा।वह शौचालय में गया तो बाहर आने की हिम्मत नहीं रही। वह बेहोश होने लगा। पुलिस के अनुसार रोशनलाल को ससुराल वाले ही अस्पताल में लेकर आए। डॉक्टर द्वारा उपचार करने पर उसकी हालत में सुधार हुआ। मामले की जांच एएसआई भोलाराम कर रहे हैं।
