Breaking News

किसानों को पूरा पानी दिलाने में नाकाम पर्ची सरकार: मगलानी

किसानों को पूरा पानी दिलाने में नाकाम पर्ची सरकार: मगलानी
– पंजाब में गंग कैनाल की सफाई का काम भी अधूरा
श्रीगंगानगर।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा की पर्ची वाली सरकार श्रीगंगानगर जिले के किसानों को पंजाब से निर्धारित हिस्से के मुताबिक पानी दिलाने में पूरी तरह से नाकाम है। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री द्वारा इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किये जा रहे। जिले में भाजपा के विधायकों ने भी इस तरफ से आंखें बंद कर रखी हैं। उनकी जुबान से किसानों के प्रति अब  हमदर्दी के चंद लफ़्ज़ भी नहीं निकलते, जो पहले बड़ा जोर शोर मचाते थे। अब यह विधायक सिर्फ सत्ता सुख भोगने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष 80 लाख रुपए पंजाब सरकार को अपने क्षेत्र में गंग कैनाल की बर्म कटिंग के लिए दिए थे लेकिन बम कटिंग नहीं हुई। लगभग डेढ़ महीने पहले पंजाब क्षेत्र में बम कटिंग शुरू तो की गई लेकिन आरडी 45 से 86 तक ही की गई। इसके आगे खखां हैड तक हिस्सा छोड़ दिया।नहर की सफाई नहीं होने का असर पानी की मात्रा पर पड़ता है।इससे छिज्जत बढ़ती है। नुकसान श्रीगंगानगर जिले के किसानों का होता है। उन्होंने मांग की है कि बाकी बचे हिस्से में बर्म कटिंग जल्दी करवाई जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने गंग कैनाल में पानी के उतार-चढ़ाव पर भी चिंता व्यक्त की है। इस महीने 1600 क्यूसेक का हिस्सा निर्धारित है लेकिन पानी लगातार कम हो रहा है। आज सुबह भी लगभग 100 क्यूसेक पानी आरडी 45 से कम हो गया। खखां हैड पर 11-12 सौ क्यूसेक पानी ही मिल रहा है, जिससे गंग कैनाल की अनेक नहरें पिट रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के संरक्षण में प्रभावशाली किसान नहरी पानी की चोरी कर रहे हैं। पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग को लेकर गजसिंहपुर में तहसील कार्यालय के सामने किसान 22 दिन से धरना दिए हुए हैं। केसरीसिंहपुर थाना में पानी चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुए लगभग 3 महीने हो गए हैं। सत्ता के दबाव में पुलिस कार्यवाही नहीं कर रही। इससे पानी चोरी के हौसले बुलंद हैं। दूसरे किसानों की फैसले बर्बाद हो रही हैं‌। उनको आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि सरकार चना और मूंग की खरीद भी एमएसपी पर करेगी या नहीं। इसे लेकर किसान असमंजस में हैं। जिले के किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा। इन सबके खिलाफ किसान लगातार धरने प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। श्री मगलानी ने कहा कि भाजपा के जो नेता पहले किसने के प्रति हमदर्दी जताकर खूब शोर मचाते थे, वह अब खामोश हैं। उन्हें अब किसानों के दुख दर्द से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से किसानों के साथ है। उनकी हर समस्या का समाधान करवाने के लिए कांग्रेस कृत संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *