Breaking News

पुलिस पर हमला करने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर समेत एक दर्जन गिरफ्तार

पुलिस पर हमला करने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर समेत एक दर्जन गिरफ्तार
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के उसे पर देवनगर में रविवार रात को अवैध शराब की बिक्री को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े के दौरान पहुंची पुलिस पर हमला करने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर सहित एक दर्जन व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लोगों द्वारा किए गए पथराव से दो हवलदार सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे जबकि दो महिलाएं भी जख्मी हो गई थीं। घटना के संबंध में मौके पर गए हवलदार राजवीरसिंह की रिपोर्ट पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी जीप को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दर्ज किए मुकदमे में देवनगर निवासी रविंद्र यादव, उसके भाई दीपक, पिता गंगासिंह के अलावा लाखनसिंह, हिस्ट्रीशीटर अमृतलाल उर्फ बडेलाल, उसके भाई अजय कुमार तथा सतीश उर्फ सतिया, सूरज कुमार, आशुतोष राहुल, रामू तथा हरविंदरसिंह को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों को पुलिस ने रविवार रात को छापेमारी कर काबू कर लिया था। पहले इनको शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।कल सोमवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने पर जमानत होने के कुछ देर बाद ही इन आरोपियों को हवलदार राजवीर की रिपोर्ट पर दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया गया। इनको आज अदालत में फिर पेश किया जा रहा है। रविवार को हुए घटनाक्रम के संबंध में देवनगर में शराब ठेके का संचालन करने वाले राजकुमार की रिपोर्ट पर भी उक्त आरोपियों सहित अन्य अनेक व्यक्तियों पर शराब ठेके को जबरदस्ती बंद करने, ठेके में तोड़फोड़ करने और मारपीट करने के आरोप में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। राजकुमार कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद प्रेम कुमार नायक का बेटा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए उक्त आरोपी अवैध रूप से शराब बेचते हैं। अमृतलाल उर्फ बडेलाल हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ अनेक मुकदमे दर्ज हैं। वह अवैध शराब बेचने का आदतन अपराधी है। रविवार रात को अमृतलाल और उसके साथियों ने राजकुमार के ठेके को 8 बजने से 10 मिनट पहले ही जबरदस्ती बंद कर दिया। इस बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान शराब ठेके में भी काफी तोड़फोड़ की गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। अमृतलाल और उसके आदमियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया था। इस घटना के पश्चात कल सोमवार को देवनगर की अनेक महिलाओं तथा अन्य व्यक्तियों ने पुलिस अधीक्षक ऑफिस में जाकर अधिकारियों से उनके मौहल्ले में अवैध शराब की बिक्री रुकवाने की मांग की थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *