Breaking News

रिटायर्ड एसआई से पुत्रवधू और पुत्री का तबादला करवाने के नाम पर 3 लाख की धोखाधड़ी, मामला दर्ज

रिटायर्ड एसआई से पुत्रवधू और पुत्री का तबादला करवाने के नाम पर 3 लाख की धोखाधड़ी, मामला दर्ज
श्रीगंगानगर।
पुलिस विभाग से सेवानिवृत एक सब इंस्पेक्टर की शिक्षा विभाग में कार्यरत पुत्रवधू और पुत्री का तबादला इच्छित स्थान पर करवाने के नाम पर एक तथाकथित नेता द्वारा 3 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला हनुमानगढ़ जिले में उजागर हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर घुक्करसिंह निवासी नगीना मार्ग गांधीनगर हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पालसिंह निवासी रामपुरा ऊर्फ रामसरा थाना टिब्बी हाल सिविल लाइंस हनुमानगढ़ जंक्शन के विरुद्ध जंक्शन थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एएसआई कालूराम को दी गई है। पुलिस के मुताबिक रिटायर्ड एसआई घुक्करसिंह ने बताया है कि 29 अगस्त 2022 को पालसिंह ने उसकी पुत्रवधू लखविंदरकौर का तबादला हनुमानगढ़ जिले में करवा देने के नाम पर तीन लाख रुपए ले लिए। उसकी पुत्रवधू जयपुर जिले के रायसर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में द्वितीय श्रेणी की अध्यापिका के पद पर नियुक्त थी। उन्होंने पालसिंह के कहने पर हनुमानगढ़ जिले में लखविंदरकौर के विषय से संबंधित दो सरकारी स्कूलों में पद रिक्त होने की जानकारी भी दी।  उसने इन दोनों में से किसी एक पद पर बदला करवा देने का वादा किया। रुपए लेने के पश्चात पालसिंह ने कहा कि वह दो-तीन दिन में शिक्षा निदेशालय बीकानेर से तबादले के आदेश जारी करवा देगा। इसके बाद वह टालमटोल करता रहा।शिक्षा निदेशालय से तबादलों की दो-तीन सूचियां जारी हुई लेकिन उसकी पुत्रवधू का नाम किसी भी तबादला सूची में नहीं आया। इसके विपरीत उसकी पुत्रवधू का तबादला अलवर जिले में कर दिया गया। इस बारे में उलाहना देने पर पालसिंह ने कहा कि वह अभी भी प्रयास कर रहा है लेकिन उसकी पार नहीं पड़ रही। उसने किसी और के माध्यम से तबादला करवा लेने के लिए कहा। उसने रुपए भी जल्दी ही लौटा देने की बात कही। पुलिस के मुताबिक घुक्करसिंह ने बताया है कि उसने तबादलों पर प्रतिबंध लगने से 3 दिन पहले किसी और के माध्यम से पुत्रवधू का तबादला हनुमानगढ़ जिले में करवा लिया। अपने रुपए वापस लेने के लिए पालसिंह के साथ पंचायत की जिसमें उसने रुपए लौटाने की हामी भरी। साथ ही कहा कि अगर वह रुपए नहीं लौट सका तो उसकी पुत्री रूपेंद्रजीतकौर का तबादला हनुमानगढ़ जिले में करवा देगा। उसकी पुत्री रुपेंद्रजीतकौर भीलवाड़ा जिले में शाहपुरा के सरकारी स्कूल में व्याख्याता के पद पर नियुक्त थी।वह उसका तबादला भी हनुमानगढ़ जिले में करवाना चाहता था। पालसिंह के कहने पर उसके तबादले का आवेदन भी उसे दे दिया गया लेकिन वह उसका भी तबादला नहीं करवा सका।वह रुपए भी वापस करने से इनकार कर गया। रिटायर्ड एसआई के अनुसार रुपए लेते समय पालसिंह ने कहा कि सब जानते हैं, कांग्रेस के राज में तबादले कैसे होते हैं। उसने तब सरकार में ऊंचे पदों पर बैठे कई लोगों के साथ अपनी अच्छी जान पहचान होने का हवाला देते हुए जल्दी ही तबादला करवा देने की बात कही थी लेकिन वह तबादला नहीं करवा सका। उसने रुपए भी आज तक वापस नहीं किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *