Breaking News

अंबिका सोलर एंड पंप्स फर्म के संचालक प्रतिष्ठित व्यापारी को अज्ञात युवकों ने मारपीट कर धमकाया

अंबिका सोलर एंड पंप्स फर्म के संचालक प्रतिष्ठित व्यापारी को अज्ञात युवकों ने मारपीट कर धमकाया
– घटना के 19 दिन बाद व्यापारी राज बंसल ने दर्ज करवाया मुकदमा
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में लक्कड़ मंडी रोड पर स्थित प्रतिष्ठित फर्म अंबिका सोलर एंड पंप्स के संचालक राज बंसल (55) निवासी अंबिका सिटी,पदमपुर रोड से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट करने और उनको धमकियां देने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने राज बंसल (पुत्र सतपाल बंसल)द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर हवलदार मुकेशचंद्र मीणा को जांच दी है। उक्त घटना एक मार्च की देर शाम की है, जिसका मुकदमा 19 दिन बाद कल शाम दर्ज करवाया गया। पुलिस को दी रिपोर्ट में राज बंसल ने बताया कि वह 1 मार्च की शाम 7:30 बजे रोजाना की तरह लक्कड़ मंडी रोड पर अपनी फर्म को मंगल करने के पश्चात  इनोवा गाड़ी से बीरबल चौक और बल्लूराम गोदारा गर्ल्स कॉलेज रोड होते हुए अंबिका सिटी जा रहा था। पदमपुर मार्ग पर कोढिया पुली के नजदीक जब उसकी गाड़ी पहुंची तो तीन लड़के मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने  मोटरसाइकिल आगे लगाकर उसकी गाड़ी को रोक दिया। एक युवक इनोवा के आगे बोनट पर हाथ रखकर खड़ा हो गया। दो युवक उसकी तरफ आए और गाड़ी के शीशे पर हाथ मारने लगे। राज बंसल के अनुसार डर के मारे उन्होंने शीशा नीचे कर दिया। तभी एक युवक ने हाथ अंदर डालकर खिड़की खोल ली। दोनों युवक खिड़की से उसे बाहर खींचने लगे। खुद को बचाने के लिए जैसे ही उन्होंने अपने आप को कंडक्टर साइड में किया तो तीनों युवक एक राय होकर मारपीट करने लगे। उक्त युवकों ने उसकी आंख और मुंह पर लगातार मुक्के मारे।

यह तो ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी!

राज बंसल के मुताबिक उक्त युवक मारपीट करते हुए गालियां देने लगे और कहा कि-तुझे पहले कितनी बार समझा चुके हैं। तू मान नहीं रहा है। राज बंसल के मुताबिक जवाब में जब उसने कहा कि वह उन्हें नहीं जानता और ना ही कभी उनसे बातचीत हुई है, तो गालियां निकालते हुए युवक कहने लगे कि तू अपने आप समझ जाएगा कि हम क्या कह रहे हैं। इस दौरान वहां आने जाने वाले लोग भी उससे मारपीट होते हुए देखने लगे। भीड़ इकट्ठा होते देखकर उक्त युवक धमकाते हुए कह गए कि यह तो ट्रेलर है।यदि बात नहीं मानी तो सोचो पूरी फिल्म कैसी होगी। उन्होंने यह भी धमकी दी की कहीं  शिकायत की तो तेरे पूरे खानदान का नाम लेने वाला नहीं बचेगा। यह धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। राज बंसल के अनुसार उसकी आंख से खून आने लगा। वह अत्यंत डर और सहम गया। अपने परिवार वालों को बताया तो वह भी अत्यधिक डर और सहम गए। इस घटना से वह इतने दिन तक डरा और सहमा रहा। अब वह हिम्मत करके उक्त रिपोर्ट दे रहा है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात युवाओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक कर उक्त बदमाश युवकों का पता लगाया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह मामला कहीं ना कहीं अवैध वसूली से जुड़ा हुआ है।

मुरारी कॉलोनी में युवक को सिर में रॉड मारकर घायल किया
श्रीगंगानगर।
सदर थाना अंतर्गत मुरारी कॉलोनी में एक युवक को सिर में रॉड मारकर घायल कर दिया गया।पुलिस के मुताबिक मुरारी कॉलोनी निवासी पवन सोनी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर काकू और गग्गी आदि एक दर्जन से अधिक युवकों के विरुद्ध रोककर मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।पवन सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 15 मार्च की रात को तहत बाजारी में अपनी दुकान मंगल कर मुरारी कॉलोनी घर जा रहा था। वह घर के समीप पहुंचा तो काकू और गग्गी आदि 10-12 युवक खड़े थे, जिन्होंने रोक कर मारपीट की। इनमें से एक युवक ने उसके सिर में लोहे की रोड से वार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।उसे घायल अवस्था में छोड़कर उक्त युवक फरार हो गए। बाद में उसे उसके जानकारों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया,जहां से उसे बीकानेर रैफर कर दिया गया। बीकानेर में उसका एक दिन इलाज चला। पुलिस के अनुसार पवन सोनी फिलहाल स्थानीय एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। उसके द्वारा दिए गए बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई दिनेश मीणा के सुपुर्द की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *