किन्नरों का बधाई लेने का विवाद थाने में पहुंचा, कथित किन्नर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। जिले के सादुलशहर में पिछले कुछ समय से किन्नरों में बधाई लेने को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार पुलिस थाना में पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक किन्नर सोहनी माई गुरु विमला माई द्वारा अदालत में दायर इस्तगासा के आधार पर चरणजीत अरोड़ा उर्फ चन्नी के विरुद्ध लोगों को धोखा देकर बधाई वसूलने और उसे नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस्तगासा में सोहनी माई ने बताया है कि चरणजीत अरोड़ा उर्फ चन्नी में कोई किन्नर नहीं है। वह नकली किन्नर है और उसकी दो लड़कियां भी नकली किन्नर हैं। यह सभी विगत एक जनवरी से सादुलशहर बाजार, आसपास के गांवों और ढाणियों में खुद को किन्नर बताकर लोगों को धोखा देते हुए उनसे बधाइयां ले रहे हैं जबकि यह ना तो किन्नर है और ना ही यह इलाका उनके क्षेत्राधिकार में है। सोहनी माई का कहना है कि सादुलशहर का बाजार नगर पालिका क्षेत्र आसपास के अनेक गांवों तथा ढानियां बधाई लेने के लिए उसके क्षेत्राधिकार में आती हैं।पुलिस ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई कुलवंतसिंह को दी गई है।
