परिचित महिला ने अधेड़ को शादी करवाने का झांसा देकर 1लाख 10 हजार रुपए ठग लिए, मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति की शादी करवाने का झांसा देकर एक महिला ने 1लाख 10 हजार रुपए ठग लिए और वह गायब हो गई। ठगी के शिकार हुए 43 वर्षीय कैलाश शर्मा निवासी वार्ड नंबर 32 भादरा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हरियाणा के हिसार शहर में लाहोरिया चौक के नजदीक गली नंबर 8 के क्वार्टर नंबर 12 की निवासी नीतू (पत्नी महावीर प्रसाद) पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार कैलाश शर्मा ने बताया कि नीतू उसकी परिचित महिला है। वह विगत जनवरी महीने में हिसार गया तो नीतू से मुलाकात हुई। नीतू ने उससे कहा कि उसकी शादी की उम्र निकलती जा रही है। उसने अनेक गरीब लड़कियों की शादी करवाई है। वह उसकी भी किसी लड़की से शादी करवा देगी।नीतू ने बताया कि बिहार के कटिहार जिले में एक गरीब लड़की है, जिसकी शादी का खर्चा उसे ही वहन करना होगा। शादी में गहने भी उसे ही देने होंगे। कैलाश शर्मा के मुताबिक उसने नीतू को भादरा में अपने घर जाकर उसकी मां के साथ बात करने के लिए कहा तो वह 5 फरवरी को भादरा में उसके घर आ गई। नीतू ने बताया कि कटिहार की उक्त लड़की से शादी करवाने के लिए उसे 1लाख 10 हजार रुपए अभी इसी वक्त देने होंगे। इस पर 80 हजार रुपए उसने फोन पर द्वारा नीतू को दे दिए। 30 हजार रुपए अपने एक जानकार से उसे ट्रांसफर करवाए। इसके कुछ दिन बाद नीतू ने उसे कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए कहाऋ वह अपने साथ दो-तीन जनों को लेकर भादरा से कटिहार रवाना हो गया। कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसने नीतू को फोन किया तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। लगातार संपर्क करने पर भी नीतू से बात नहीं हो पाई।वे लोग दो-तीन दिन तक कटिहार में रुके रहे। फिर वापस भादरा आ गए। विगत 18 फरवरी को नीतू का फोन ऑन हुआ उसने नीतू से फिर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।नीतू ने उसकी ना तो शादी करवाई और ना ही रुपए वापस किये। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच हवलदार जगदीश द्वारा की जा रही है। पुलिस नीतू की तलाश कर रही है।
