शादी के बाद भी युवती का पीछा नहीं छोड़ा और कर दिया खुलासा, दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। शादी होने के बाद भी एक युवक ने युवती का पीछा नहीं छोड़ा। वह उस पर पहले की तरह अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मिलने का दबाव डालता रहा। युवती इसके लिए सहमत नहीं हुई तो उसने शादी पूर्व किए जबरदस्ती दुष्कर्म का उसके पति के समक्ष खुलासा कर दिया। इस पर युवती ने शादी से पहले युवक पर जबरदस्ती दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने, रुपए ऐंठने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवा दिया।पुलिस ने इस युवक को गिरफ्तार कर लिया। जवाहरनगर थाना में विगत 21 फरवरी को पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर दर्ज मुकदमे की जांच कर रहे डीएसपी (अजा/जजा) विष्णु खत्री ने बताया कि गिरफ्तार किए आरोपी युवक दिनेश उर्फ आशीष (26) निवासी रामलाल कॉलोनी को आज अदालत में पेश किया गया। उसने विगत 20 फरवरी को कथित रूप से पीड़िता के शादी से पहले उससे अनेक बार जबरदस्ती दुष्कर्म का खुलासा पति के समक्ष कर दिया था। पीड़िता का पति शहर में एक मिल्क डेयरी में काम करता है। पीड़िता ने मुकदमे में बताया कि वर्ष 2020-21 में जब वह 10वीं 11वीं में पढ़ती थी और नाबालिक थी, तब दिनेश उर्फ आशीष स्कूल आते जाते उसका पीछा करता था। फरवरी 21 में जब एक दिन उसके माता-पिता निकटवर्ती एक गांव में गए हुए थे और उसका भाई भी घर पर नहीं था, तब आशीष अचानक घर में आ गया।उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और जबरदस्ती नाजायज संबंध बनाए। उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आशीष उसका जब भी मौका मिलता नाजायज फायदा उठाने लगा। उससे रुपए भी लेने लगा। उसने दो बार माता-पिता की नजर बचाकर 10-10 हजार रुपए घर से चुरा कर उसे दिए। पीड़िता के अनुसार 18 मई 2021 को उसके माता-पिता रिश्तेदारी में किसी का निधन हो जाने पर बाहर गए हुए थे। उसका भाई भी ननिहाल चला गया। उस रोज आशीष घर आया और 50 हजार रुपए मांगने लगा। जब उसने कहा कि इतने रुपए नहीं है तो बेल्ट से मारपीट करने लगा। बचाव के लिए वह घर की छत पर चली गई। आशीष ने पीछे आकर उसे छत से बाहर गिरा दिया। उनके दोनों पैरों तथा रीड की हड्डी में काफी चोट लगी। उसे घायल हालत में छोड़कर वह भाग गया। घर वालों ने उसे सादुलशहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां तीन-चार दिन तक इलाज चला। आशीष के पास उसके अश्लील वीडियो होने के कारण उसने अपने घर वालों को उक्त सारे घटनाक्रम के बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने बताया है कि नवंबर 2021 में उसकी शादी श्रीगंगानगर के नजदीक ही श्रीकरणपुर रोड पर एक गांव में हो गई। इसके बाद भी आशीष उसे परेशान करता रहा। वह उस पर मिलने के लिए दबाव बनाता रहा। उसने कई बार धमकी दी कि वह उसके अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। पीड़िता के अनुसार लगभग 2 महीने पहले जनवरी में वह मीरा चौक में अपने पति के साथ गई थी।पति पास की दुकान पर सामान लेने के लिए गया और वह मोटरसाइकिल के पास खड़ी इंतजार कर रही थी। तभी एक युवक ने आकर उसे पर्ची दी और कहा कि इस पर लिखे नंबर पर कॉल कर दिनेश उर्फ आशीष से बात करें। उसने उक्त युवक को तभी जवाब दे दिया कि वह दिनेश से कोई बात नहीं करेगी। इसके कुछ दिन बाद दिनेश उर्फ आशीष ने उसके पति को बता दिया कि उसने शादी से पहले उसकी पत्नी से कई बार जबरदस्ती दुष्कर्म किया है। पीड़िता के मुताबिक विगत 20 फरवरी को उसका पति जिस डेयरी पर काम करता है, वहां अजय राजपूत नामक एक युवक आया, जिसने मोबाइल फोन में आशीष द्वारा बनाया हुआ उसका अश्लील वीडियो दिखाया तथा साथ ही इंस्टाग्राम आईडी के बारे में भी बताया। पुलिस के मुताबिक इसके अगले ही दिन पीड़िता ने आशीष के विरुद्ध जवाहरनगर थाना में मुकदमा दर्ज करवा दिया। डीएसपी विष्णु खत्री ने बताया कि जांच के दौरान पीड़िता का कोई अश्लील वीडियो सामने नहीं आया और ना ही अजय राजपूत द्वारा उसके पति को मोबाइल में उसका कोई अश्लील वीडियो दिखाने की पुष्टि हुई। अलबत्ता शादी से पहले पीड़िता जब नाबालिग थी, तब उससे जबरदस्ती दुष्कर्म करने और मारपीट करने की पुष्टि होने पर आरोपी को कल शाम गिरफ्तार कर लिया जो कि दिहाड़ी मजदूरी करता है।
किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में दो बच्चों का पिता गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के उसे पर की एक ढाणी से लगभग 20 दिन पहले एक नाबालिग लड़की को अगवा कर कासगंज (उत्तर प्रदेश) ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो बच्चों के पिता को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच डीएसपी (महिला अत्याचार एवं अन्वेषण)विजय मीणा द्वारा की जा रही है। आरोपी अविनाश (28) को एक पुलिस टीम उत्तर प्रदेश से काबू कर कल शाम को वापस श्रीगंगानगर पहुंची, जिस पर उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अविनाश के दो बच्चे हैं।उसकी पत्नी उसे कुछ समय पहले छोड़कर चली गई थी। वह विगत एक मार्च को पुरानी आबादी में रेलवे लाइन के उसे पर एक ढाणी में अपने पड़ोस में रहने वाले परिवार की लगभग 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला फुसला भगा ले गया श।उसी रोज ही लड़की के एक परिवारजन ने उसके विरुद्ध पुरानी आबादी थाना में मुकदमा दर्ज करवा दिया। वह लड़की को कासगंज जिले में अपने ननिहाल गांव में ले गया। मामला दर्ज होने पर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। इस बीच लड़की के परिवार वालों द्वारा दबाव बनाए जाने पर अविनाश लड़की को लगभग 10 दिन पहले निकटवर्ती गांव साधुवाली में छोड़कर वापस भाग गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार लड़की का मेडिकल चेकअप करवाया गया और सीआरपीसी की धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज किए गए। इनके आधार पर उसके साथ आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई,जिस पर अपहरण के मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं। आरोपी को पकड़ने के लिए विगत दिवस एक पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जिसने उसे काबू कर लिया। अविनाश दिहाडी मजदूरी करता है। उसे आज अदालत में पेश किया गया।
