Breaking News

रावला क्षेत्र के खेत में तीन किलो हैरोइन मिली

रावला क्षेत्र के खेत में तीन किलो हैरोइन मिली
– पाकिस्तान ड्रोन द्वारा पैकेट गिराने की आशंका
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले में सीमावर्ती रावला थाना क्षेत्र के एक खेत में आज दोपहर 3 किलो हैरोइन पड़ी मिली। हैरोइन पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन से ड्रॉप किए जाने की आशंका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर लगभग 3 बजे रावला क्षेत्र में सूचना मिलने पर बीएसएफ और पुलिस मौके पर पहुंची ग्राम पंचायत 12-केएनडी के चक 3- केएनएम के एक रेतीले खेत में पीले रंग का संदिग्ध पैकेट पड़ा था। उसे पर हुक लगा हुआ था। मौके पर ही बीएसएफ और पुलिस के अधिकारियों ने पैकेट को खोल तो उसमें सफेद रंग के कपड़े की दो थैलियां मिलीं। इनमें डेढ़-डेढ़ किलो हैरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि बरामद हैरोइन का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग 15 करोड रुपए है। हैरोइन मिलने पर पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त रूप से आसपास के खेतों तथा इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कहीं कोई और संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। रावला के थाना प्रभारी सीआई नवनीतसिंह ने बताया कि उक्त पैकेट दोपहर लगभग 3 बजे मिला। पैकेट पर पाकिस्तानी तस्करों का मार्क लगा हुआ है। लिहाजा आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह पैकेट पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन से इस इलाके में गिराया है। पाकिस्तानी तस्करों ने यह नापाक हरकत कब की, इसका कोई अंदाजा नहीं है। बताया जाता है कि किसी ग्रामीण ने पैकेट पड़े देखा तो पुलिस और बीएसएफ को सूचना दी। तत्पश्चात यह मामला सामने आया। हालांकि बीएसएफ सूत्रों का कहना है कि यह पैकेट गुरुवार-शुक्रवार की रात को पाकिस्तानी तस्करों द्वारा गिराया गया है। बीएसएफ अपनी इंटेलिजेंस ब्रांच की सूचना के आधार पर यह पैकेट बरामद होना बता रही है। पाकिस्तानी हैरोइन की यह खेत लेने आने वाले भारतीय तस्करों का फिलहाल कोई सुराग नहीं है। खुफिया एजेंसी अब इस बात पर गौर कर रही हैं कि इस इलाके में भारतीय तस्करों का कोई स्थानीय संपर्क का व्यक्ति तो शामिल नहीं रहा है। समाचार लिखे जाने तक हैरोइन के बरामद होने के संबंध में कोई मामला रावला थाना में दर्ज नहीं हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *